Advertisement
भोपाल। क्रिकेट विश्व कप 2023 में शनिवार को अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में खेले गए महामुकाबले में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को सात विकेट से करारी शिकस्त दी। भारत की इस जीत पर देशभर में जश्न का माहौल है। मध्य प्रदेश में भी क्रिकेट प्रेमियों ने भारत की जीत पर जश्न मनाया। इंदौर, भोपाल समेत प्रदेशभर में जमकर आतिशबाजी की गई और लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और तिरंगा लहराकर जीत की खुशी का इजहार किया। कई जगह ढोल-नगाड़े की थाप पर लोगों ने डांस भी किया।
इधर, मध्य प्रदेश के नेताओं के चेहरे में भी भारत की जीत की खुशी का उत्साह देखने को मिला। एक तरफ जहां मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित कई मंत्रियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जश्न मनाया। वहीं दूसरी ओर खेल मैदान में चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने लोगों के साथ हाथ में तिरंगा लेकर भारत माता की जय के नारे लगाए। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने भी सोशल मीडिया पर भारतीय टीम को इस जीत के लिए बधाई दी।
विश्व कप के महामुकाबले में शनिवार को भारत ने पाकिस्तान को एकतरफा सात विकेट से हराया। पाकिस्तान की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 191 रन पर ढेर हो गई। भारत ने 30.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर मैच जीत लिया। भारतीय टीम की पाकिस्तान पर शानदार जीत के बाद एक बार फिर इंदौर का राजवाड़ा जश्न का गवाह बना। विजय रन बनते ही शहर में आतिशबाजी होने लगी और फिर लोग तिरंगे झंडे लेकर राजवाड़ा की तरफ निकल पड़े। किसी के हाथों में कप्तान रोहित शर्मा की तस्वीर थी तो कोई नारे लगा रहा था। देखते ही देखते राजवाड़ा चौक भीड़ से भर गया। पुलिस को चौक की तरफ जाने वाले वाहनों को रोकना पड़ा। चारों तरफ जीत का जश्न मनाया जा रहा था। इस जश्न में युवतियां भी शामिल थीं। चार पहिया वाहनों की छत पर बैठकर लोग टीम इंडिया के समर्थन में नारेबाजी कर रहे थे। राजवाड़ा पर रात को हजारों तिरंगे लहराए। इस अद्भुत माहौल को हर कोई कैमरे में कैद कर रहा था। देर रात तक एक जैसी भीड़ राजवाड़ा पर जुटी रही। फिर पुलिस जवानों ने धीरे-धीरे चौक खाली कराया।
विश्व कप में पाकिस्तान पर भारत की जीत का जश्न मुख्यमंत्री निवास में भी मनाया गया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, केन्द्रीय मंत्रीगण नरेंद्र सिंह तोमर, भूपेन्द्र यादव, अश्विनी वैष्णव समेत तमाम नेताओं ने एक दूसरे को मिठाई खिलाई। सभी ने भारतीय टीम के खिलाड़ियों को बधाई एवं आगामी मैच में जीत के लिए शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री शिवराज ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि "भारत-पाकिस्तान मैच का रोमांच अद्भुत होता है। आज निवास पर केंद्रीय मंत्रियों तथा संगठन के साथियों को मिठाई खिलाकर भारत की जीत की बधाई दीं। टीम इंडिया इसी जोश के साथ खेलती रहे और विश्व कप जीते; यही शुभकामनाएं हैं।"
भारत-पाकिस्तान का विश्व कप मैच देखने के लिए चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग भोपाल के गौतम नगर खेल मैदान पहुंचे, जहां उन्होंने क्षेत्रवासियों के साथ बैठकर मैच का लुत्फ़ उठाया। मंत्री सारंग ने हाथ में तिरंगा लेकर भारत माता की जय के नारे लगाते हुए दिखे। उन्होंने कहा कि भारत ने ऐतिहासिक मैच खेला और पाकिस्तान को नेस्तनाबूद कर दिया। भारत पाकिस्तान को हर मोर्चे पर नेस्तनाबूद करेगा। भोपाल में क्रिकेट प्रेमियों ने भी भारत की जीत पर जमकर आतिशबाजी कर जश्न मनाया। यही हाल अन्य शहरों का रहा।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |