Advertisement
इंदौर। मध्य प्रदेश की वाणिज्यिक राजधानी इंदौर से महाराष्ट्र के प्रमुख शहर नागपुर के बीच वंदे भारत ट्रेन चलेगी। यहां नई ट्रेन नहीं चलाई जाएगी। इंदौर-भोपाल के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेन को नागपुर तक बढ़ाया जा रहा है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और इंदौर विधानसभा क्षेत्र एक के भाजपा प्रत्याशी कैलाश विजयवर्गीय के आग्रह पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसे मंजूरी दी है। विजयवर्गीय ने रविवार ट्वीट के माध्यम से इंदौर-भोपाल वंदे भारत ट्रेन को नागपुर तक चलने की जानकारी दी।
दरअसल, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दो दिन पहले इंदौर के लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन का दौरा कर बाणगंगा की तरफ रेलवे स्टेशन के निर्माण को मंजूरी दी थी। इस दौरान इंदौर से भोपाल के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेन को नागपुर तक बढ़ाने की मांग भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विजयवर्गीय ने की थी।
इंदौर-भोपाल वंदे भारत ट्रेन को लंबी दूरी तक चलाने की मांग काफी समय से की जा रही थी। इंदौर-भोपाल के बीच में पर्याप्त यात्री भी ट्रेन को नहीं मिल पा रहे थे। इसलिए ट्रेन को ग्वालियर, खजुराहो और नागपुर तक बढ़ाने की मांग हो रही थी। इसमें नागपुर की संभावना शुरुआत से ज्यादा थी। इंदौर से सुबह 6.30 बजे ट्रेन रवाना होकर उज्जैन स्टाफ देने के बाद सुबह 9 बजे भोपाल पहुंचती है।
इंदौर-नागपुर के बीच मिलेंगे पर्याप्त यात्री
रेलवे जानकारों का कहना है कि नागपुर से साउथ का सबसे ज्यादा कनेक्शन है। इंदौर-नागपुर के बीच ट्रैफिक भी खूब हैं। भोपाल से नागपुर के बीच भी ट्रैफिक है। वंदे भारत ट्रेन के नागपुर तक चलने से इंदौर, उज्जैन और होशंगाबाद और नागपुर के यात्रियों को फायदा होगा। वर्तमान में उपलब्ध ट्रेन में सीट नहीं मिल पाती थी। इस कारण यात्रियों को सड़क मार्ग से सफर करना पड़ता था।
इंदौर के साथ भोपाल को भी होगा फायदा
वंदे भारत ट्रेन को नागपुर तक बढ़ाने से इंदौर के अलावा भोपाल को भी फायदा होगा। भोपाल के सैकड़ों यात्री भी कम समय में नागपुर आना-जाना कर सकेंगे। नागपुर क्षेत्र से महाकाल लोक दर्शन करने वालों को भी आवागमन की आसान सुविधा मिलेगी।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |