Advertisement
छतरपुर। छतरपुर के हरपालपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह खाना बनाते समय सिलेंडर लीक होने से आग भड़क गई। आग लगने से गृहस्थी का सामान सहित कच्चा मकान जलकर खाक हो गया। आगजनी की घटना में एक महिला भी झुलस गई। गांव वालों की मदद से आग पर काबू पाया गया। मौके पर आग से हुए नुकसान का आंकलन करने के लिए पटवारी ने पंचनामा बनाने की कार्रवाई की है।
जानकारी अनुसार लहदरा गांव निवासी उत्तम सिंह की पत्नी विनीता (32 वर्ष) मंगलवार सुबह नौ बजे गैस पर खाना बना रही थी। इस दौरान अचानक गैस लीक होने पर सिलेंडर में आग लग गई। आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि आग की लपटों की चपेट में कच्चा मकान आ गया। वहीं, आग की चपेट में आने से विनीता का एक हाथ बुरी तरह झूलझ गया। घर से आग की लपटें निकलती देख परिजन और ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गये। इस बीच गांव में मौजूद सहायक सचिव कुलवंत सिंह तोमर आग लगने की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे और सूझबूझ दिखाते हुए पहले घर में मौजूद बच्चों और अन्य लोगों को बाहर किया। इसके बाद आग लगे सिलेंडर पर रेत डलवाकर सिलेंडर की आग बुझाकर उसे घर के बाहर फेंका गया। साथ ही ग्रामीणों द्वारा मोटर पंप चलाकर पानी की बौछार से घर में लगी आग पर काबू पाया गया, लेकिन जब तक आग बुझाई जाती तब तक घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे पटवारी ने पंचनामा बनाकर आग से हुए नुकसान का आंकलन किया। आग से लगभग एक लाख रुपए से अधिक का सामान जल गया।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |