Advertisement
भोपाल। लगातार बारिश के चलते मध्यप्रदेश के कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बनते दिखाई दे रहे हैं। नदियां उफान मार रही हैं, तो डैम ओवरफ्लो हो रहे हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे भी तेज बारिश का दौर जारी रहने की बात कही है साथ ही प्रदेश के आठ जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है।
बीते 24 घंटों में प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश हुई। सबसे अधिक 3.81 इंच बारिश पचमढ़ी में दर्ज की गई। भोपाल में लगातार बारिश से बड़ा तालाब में जलस्तर बढ़ गया है। बुधवार शाम तक लेवल 1661.80 फीट पहुंच गया। जबलपुर में बुधवार शाम बरगी डैम के पांच गेट खोले गए। बड़वानी में नर्मदा नदी खतरे के निशान से साढ़े तीन मीटर ऊपर बह रही है। तटीय गांवों में डूब का खतरा मंडराने लगा है। खंडवा के पुनासा में अजनाल नदी से सटे गांवों में बाढ़ के हालात हैं। गुर्जरखेड़ी, आवलियां, रिछफल, कालियाखेड़ी, नवलगांव में कई कच्चे मकान ढह गए। नौगांव, उज्जैन, बैतूल और छिंदवाड़ा में भी बारिश हुई। विदिशा में बेतवा नदी भी उफान पर आ गई।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक एच.एस. पांडे ने बताया कि बंगाल की खाड़ी, नॉर्थ आंध्रप्रदेश, साउथ ओडिशा पोस्ट पर सिस्टम एक्टिव हैं। इनका असर मध्यप्रदेश में भी हो रहा है। साउथ छत्तीसगढ़ में साइक्लोनिक सर्कुलेशन है। एक मानसून ट्रफ लाइन कोटा, रायसेन, सिवनी, रायपुर, ओडिशा होते हुए गुजर रही है। पूर्वी-पश्चिमी हवाएं भी आपस में मिल रही हैं। दक्षिण मध्यप्रदेश से लगे इलाकों में इसका असर है। इन परिस्थितियों के चलते प्रदेश में बारिश हो रही है।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में प्रदेश के आठ जिलों में भारी बारिश की आशंका जताई है। रायसेन, सीहोर, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, रतलाम, और उज्जैन में 24 घंटे में 8 इंच तक बारिश हो सकती है। नरसिंहपुर और छिंदवाड़ा में गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है। यहां बिजली गिरने की आशंका है। भोपाल, विदिशा, खंडवा, झाबुआ, धार, इंदौर, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, मंदसौर, नीमच, सिवनी और बालाघाट में साढ़े 4 इंच तक पानी बरस सकता है। राजगढ़, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, रीवा, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में हल्की बारिश हो सकती है।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |