Advertisement
जयपुर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार को जयपुर से प्रदेश भाजपा के 'नहीं सहेगा राजस्थान' आंदोलन की शुरुआत की। यह अभियान अगले 15 दिनों तक अर्थात् एक अगस्त तक चलेगा और प्रदेश के सभी विधानसभाओं में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान आंदोलन से जुड़े ऑडियो, वीडियो और पोस्टर का विमोचन भी किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जनसभा को भी संबोधित किया। उन्होंने कांग्रेस की गहलोत सरकार का फेल कार्ड भी जारी किया।
इस मौके पर नड्डा ने कहा कि यूपीए का मतलब है, उत्पीड़न, पक्षपात और अत्याचार। गहलोत सरकार ने पक्षपात करने का काम किया है। जयपुर बम ब्लास्ट मामले में वसुंधरा सरकार ने फास्ट ट्रैक कोर्ट चलाई। गहलोत सरकार ने आतंकवादियों को छोड़ने का काम किया। गहलोत सरकार ने पाकिस्तान से आए शरणार्थियों के घरों पर बुलडोजर चलाने का काम किया। वहीं, बांग्लादेश से आए रोहिंग्याओं को बसाने का काम किया है। उनके वोटर आईडी और आधार कार्ड बनाने का काम गहलोत सरकार ने किया है। यह गहलोत सरकार नहीं है, यह घर को लूटने वाली सरकार है। दिल्ली को पैसा भेजने और गरीबों का हक मारने वाली सरकार है। इस सरकार ने भ्रष्टाचार में रिकॉर्ड बनाने का काम किया है। नड्डा ने कहा कि गहलोत को हमें नवंबर में घर बैठाना है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि राम मंदिर बनाने का हम सबका सपना था। वो पूरा हो रहा है। केदारनाथ, उज्जैन का जीर्णोद्धार हुआ है। हम पुष्कर तीर्थ का भी जीर्णोद्धार करवा रहे हैं। इसे लेकर केंद्र सरकार ने 40 करोड़ रुपये दिए हैं। गहलोत के परिवार के लोग हजारों करोड़ के टेंडर ले रहे हैं। गहलोत परिवारवाद को पोषित करने में लगे हैं। भरतपुर की एक मंत्री के पति पर रेप और मर्डर के चार्ज हैं, लेकिन गहलोत उन्हें बचाने का काम कर रहे हैं। कांग्रेस मां, बेटे और बेटी की पार्टी है। गहलोत तो कॉन्ट्रैक्ट पर हैं। सचिन तो सब-कॉन्ट्रैक्ट पर हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि नहीं सहेगा राजस्थान अभियान के माध्यम से राज्य के दो करोड़ लोगों तक पहुंचेंगे। हर पंचायत और गांवों में जाकर लोगों को बताएंगे और अगले विधान सभा चुनाव में राजस्थान में भाजपा भ्रष्टाचार मुक्त और विकासयुक्त सरकार बनाएगी।
नड्डा ने कहा कि नौ साल पहले भारत दुनिया की दसवीं अर्थव्यवस्था थी और आज पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। बहुत जल्द ही भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति होगी। स्टील उत्पादन में भारत आज दूसरे स्थान पर है। प्रधानमंत्री की देश में खिलौने बनाने की अपील के बाद आज भारत का खिलौना निर्यात तीन गुना बढ़ गया है। भारत अब विदेशों को खिलौना निर्यात कर रहा है। ऑटोमोबाइल मार्केट में भारत तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। एफडीआई निवेश काफी बढ़ा है। इलेक्ट्रॉनिक्स गुड्स के निर्यात में लगभग 50 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। 2014 में आज से नौ साल पहले 92 प्रतिशत मोबाइल बाहर से आता था। आज 97 प्रतिशत मोबाइल भारत में बनता है। आज एप्पल भी भारत में बन रहा है। दवा उत्पादन के कारण भारत आज दुनिया की डिस्पेंसरी बन गई है।
इस दौरान उप नेता प्रतिपक्ष सतीश पूनियां ने कहा कि जैसे माधुरी दीक्षित 1, 2, 3, 4......5, 6 गाना गाती है। उसी तरह से राहुल गांधी ने कर्ज माफी के लिए 1 से 10 तक गिनती बोली। किसान का कर्ज माफ नहीं हुआ।
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि इस सरकार ने साढ़े चार साल में भ्रष्टाचार में डूब कर सरकार चलाई है। चारों ओर लूट मची हुई है। कल तो गहलोत सरकार ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। इनके पूर्व राज्यमंत्री 18.40 लाख रुपये की घूस लेते हुए पकड़े गए। प्रदेश में धर्म परिवर्तन हो रहे हैं। हमारी भामाशाह योजना को बंद करके उन्होंने चिरंजीवी योजना शुरू की। अन्नपूर्णा रसोई को बदलकर इंदिरा योजना कर दिया। खाने की क्वालिटी हमारे मुकाबले खराब कर दी है। वसुंधरा ने कहा कि पेपर लीक का सुनकर तो मुझे रोना आता है। 19 पेपर लीक हो गए। 40 लाख युवाओं का भविष्य खराब हो गया।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को जब भी दिल्ली बुलाया जाता है, तब वे अंगूठा दिखा देते हैं। पहले हाथ का अंगूठा दिखाया था। अब पैर का अंगूठा दिखा दिया। जनसभा में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं राजस्थान के भाजपा प्रभारी अरुण सिंह, केन्द्रीय कानून मंत्री अर्जुन सिंह मेघवाल, राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र सिंह राठौड़ एवं राजस्थान के सह प्रभारी नितिन पटेल सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |