Advertisement
भोपाल। मध्य प्रदेश राज्य पुलिस सेवा के 14 अधिकारियों को भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) संवर्ग में पदोन्नति मिली है। इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा सोमवार को अधिसूचना जारी कर दी गई थी।
मप्र गृह विभाग द्वारा मंगलवार को जानकारी दी गई कि दो वर्ष की रिक्तियों के लिए दो मई को विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की बैठक हुई थी। इसमें राज्य पुलिस सेवा के 14 अधिकारियों को पदोन्नत करने का निर्णय लिया गया था। इनमें वर्ष 2021 की रिक्तियों के लिए आठ और 2022 की रिक्तियों के लिए छह अधिकारियों को आईपीएस संवर्ग के लिए पदोन्नत किया गया है।
पदोन्नत होने वाले अधिकारियों में मनीष खत्री, सुनील कुमार मेहता, वीरेंद्र जैन, देवेंद्र कुमार पाटीदार, राय सिंह नरवरिया, रामशरण प्रजापति, सुंदर सिंह कनेश और राजेश व्यास (2021 की रिक्तियों पर) तथा विनोद कुमार सिंह, पद्म विलोचन शुक्ला, सुधीर कुमार अग्रवाल, पंकज कुमार पांडेय, अजय पांडेय और डा. संजय कुमार अग्रवाल (2022 की रिक्तियों पर) शामिल हैं। ये सभी अधिकारी राज्य पुलिस सेवा के वर्ष 1996 और 1997 बैच के हैं।
बताया गया है कि डीपीसी कुल 16 पदों के लिए हुई थी। इनमें राजेश त्रिपाठी और अरुण मिश्रा का लिफाफा बंद रखा गया है। अरुण मिश्रा के विरुद्ध आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ में जांच चल रही है। उन्हें हाई कोर्ट से राहत मिल गई है, जबकि राजेश त्रिपाठी को गृह विभाग ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |