Advertisement
सावन का पवित्र महीना बस शुरू ही होने वाला है.इसके साथ ही बाबा अमरनाथ की यात्रा शुरू हो गई है.एक जुलाई से शुरू हुई अमरनाथ यात्रा के श्रद्धालुओं के साथ धोखाधड़ी करने वाले तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपी जम्मू-कश्मीर में यात्रा की नकली रजिस्ट्रेशन स्लिप बनाने और बेचने का काम कर रहे थे।इनमें से मुख्य आरोपी दिल्ली का रहने वाला है, जो नकली परमिट बनाता था। उसके दो सहयोगी बस सेवा का इंतजाम करने और श्रद्धालुओं के लिए मेडिकल सर्टिफिकेट तैयार करने का काम करते थे। इन लोगों ने बड़ी संख्या में अमरनाथ यात्रियों के साथ फ्रॉड किया था।पुलिस ने शुक्रवार को जम्मू, सांभा और कठुआ जिले में यात्रियों के पास से 400 से ज्यादा नकली रजिस्ट्रेशन परमिट बरामद किए थे। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज करके छानबीन शुरू की।जम्मू के सीनियर सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस चंदन कोहली ने बताया कि हमारी जांच में सामने आया कि दिल्ली का एक शख्स इस रैकेट को चला रहा है। जम्मू-कश्मीर पुलिस की एक टीम ने दिल्ली में रेड डाली और शहादरा के वेस्ट रोहतास नगर से हरेंद्र वर्मा नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया। बाद में उसके दो सहयोगी- दलीप प्रजापति और विनोद कुमार को भी गिरफ्तार किया गया।SSP चंदन कोहली ने बताया कि रेड के दौरान एक कंप्यूटर और प्रिंटर जब्त किया गया है। इन्हीं की मदद से नकली रजिस्ट्रेशन बनाकर प्रिंट किए जाते थे। SSP ने अमरनाथ यात्रियों से अपील की है कि वे सिर्फ सरकारी दफ्तरों में जाकर रजिस्ट्रेशन कराएं और ऐसे अपराधियों का शिकार बनने से बचें।शनिवार को श्री अमरनाथ यात्रा का पहला दिन था। पहले दिन करीब 16,000 भक्तों ने बाबा बर्फानी के दर्शन किए, इनमें करीब 655 लोग अमृतसर से थे। यहां देशभर से हजारों श्रद्धालु बालटाल पहुंच रहे हैं, जिनकी सेवा के लिए लंगर सोसायटियों ने इस बार सोफे-मेज और कुर्सियों का भी प्रबंध किया है। इससे पहले कभी यहां सोफे-मेजों का प्रबंध नहीं हुआ था।सावन भंडारे में सुबह से रात तक पौष्टिक और मोटे अनाज का आहार दिया जा रहा है, ताकि यात्रियों के शरीर में ताकत और इम्युनिटी बनी रहे। तीनों समय के भंडारे में दलिया, काले चने, दही, परांठे, हलवा, लस्सी, ब्रैड पकौड़े, चाय-काफी, बेसन की रोटी, सलाद, बाजरे की रोटी, दाल, चावल, कड़ी, पनीर, केसर बादाम वाला दूध, राजमाह व मोटा अनाज दिया जा रहा है।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |