Advertisement
बुरहानपुर। मध्य प्रदेश में इन दिनों मौसम का मिजाज कभी भी बदल जाता है। शुक्रवार को भी शाम को बुरहानपुर में अचानक मौसम बदल गया और तेज आंधी चलने लगी। इससे शहर में एक बीएसएनएल का टॉवर गिर गया। टॉवर सीधे एक इलेक्ट्रॉनिक शोरूम पर जा गिरा, जिससे वहां काम कर रहे तीन कर्मचारी घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार शहर के लालबाग रोड पर सुभाष स्कूल के सामने बीएसएनएल कार्यालय में लगा टॉवर शाम को करीब साढ़े 6 बजे तेज आंधी चलने के कारण अचानक गिर गया। बीएसएनएल कार्यालय के पीछे मार्केट और औद्योगिक क्षेत्र हैं। जहां कुछ प्लास्टिक निर्माण कंपनी के कारखाने हैं। जिस जगह टावर गिरा, वहां इलेक्ट्रानिक शोरुम है। हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई। हालांकि आसपास में कोई नुकसान नहीं हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। साथ ही लोगों भीड़ भी जमा हो गई।
बुरहानपुर में शाम करीब 6 बजे से तेज हवाएं चलने के साथ बारिश भी हुई। तेज हवाएं चलने से कई जगहों पर पेड़ भी गिरे। अंडा बाजार में रात 8 बजे एक गुलमोहर का पेड़ गिर गया। इससे पहले अन्य जगह पर भी पेड़ गिरने की घटनाएं हुई। बिजली कंपनी ने सुरक्षा के लिहाज से बिजली की सप्लाई बंद कर दी। करीब एक घंटे के बाद बिजली सेवा बहाल की गई।
शुक्रवार को मध्यप्रदेश में मौसम का मिला-जुला असर रहा। सागर में 8 मिमी बारिश हुई, जबकि भोपाल-इंदौर और ग्वालियर में तापमान 40 डिग्री के नीचे रहा। हालांकि, जबलपुर समेत 12 शहर ऐसे रहे, जहां तापमान 40 डिग्री के पार रहा। सबसे ज्यादा तापमान खंडवा-खजुराहो में 41.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि तीन जून से प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव होगा। इससे भोपाल और उज्जैन संभाग के कई जिलों में बारिश का अनुमान है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |