Advertisement
राहुल गांधी ने मध्यप्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एमपी में 150 सीटें जीतेगी। राहुल गांधी के दावे पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि हम उनकी बात से सहमत हैं। सीएम शिवराज सिंह ने इस पर तंज कसते हुए कहा कि मन को बहलाने को बाबा ख्याल अच्छा है।हालांकि राहुल गांधी इस सवाल को टाल गए कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस की ओर से CM फेस कौन होगा? दरअसल, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी ने सोमवार को दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में MP के पार्टी नेताओं के साथ चुनावी तैयारियों को लेकर बैठक की। राहुल गांधी ने कहा कि 'बैठक में हमारी लंबी चर्चा चली। हमारा आंतरिक आकलन है कि हमें कर्नाटक में 136 सीटें मिली हैं। मध्यप्रदेश में 150 सीटें मिलने वाली हैं। कर्नाटक में जो किया, उसे हम रिपीट करने जा रहे हैं।' कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा, हम मध्यप्रदेश भी जीतने जा रहे हैं।कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि चुनाव में कैसी रणनीति बनाई जाए, मध्यप्रदेश का भविष्य कैसे सुरक्षित रखा जाए, इस पर बैठक में चर्चा हुई। कमलनाथ ने राहुल के दावे पर कहा, 'हम उनकी बात से सहमत हैं। उनके पास इनपुट है। हमने शुरुआत कर दी है। हमारी नारी सम्मान योजना है। किसानों के लिए योजना है। गैस सिलेंडर की बात है। कुछ अभी कर रहे हैं, कुछ आने वाले समय में करेंगे। सब गोलियां एक साथ नहीं चलाएंगे।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |