Advertisement
राजधानी में 68 स्थान ऐसे हैं जहां पर महिलाओं, युवतियों विशेषकर कॉलेज गोइंग गर्ल्स के साथ छेड़छाड़ होती है। पिछले दिनों भोपाल पुलिस द्वारा चलाए गए 16 दिवसीय महिला सुरक्षा अभियान में यह खुलासा हुआ है। इस दौरान 7340 स्थानों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 96 मनचलों के खिलाफ केस दर्ज किया है। शहरभर में 53 ऐसे मुख्य गलियां और स्पॉट है जहां महिलाओं का आना जाना है और अंधेरा रहता है। अब यहां बिजली की व्यवस्था की जा रही है।
भोपाल साउथ एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने बताया कि अभियान के तहत 53 ऐसे स्थान चिह्नित किए गए हैं, जहां रात में प्रकाश व्यवस्था नहीं है। इनमें कुछ तिराहों के साथ कॉलोनियों को मुख्य सड़क से जोड़ने वाली सड़कें हैं। कई जगह स्ट्रीट लाइट खराब है। पुलिस इन 53 स्थानों पर प्रकाश व्यवस्था कराने के लिए नगर निगम को पत्र लिखने जा रहे हैं।
ज्योति चौराहा, चेतक ब्रिज कार्नर, सर्वधर्म कोलार ,पिपलानी मार्केट, बोर्ड आॅफिस के बस स्टॉप, व्यापमं र्कानर, नूतन कॉलेज चौराहा, न्यू मार्केट, रंगमहल चौराहा, एमपी नगर जोन-एक और दो के अंदर हॉस्टल के आसपास के रास्ते, हबीबगंज मार्केट के पास आधा दर्जन स्पॉट, त्रिलंगा में पिपलानी पेट्रोल पंप के सामने, इंद्रपुरी में हॉस्टल के आसपास का क्षेत्र चिह्नित किया गया है। इनके अलावा इंजीनियरिंग व कॉलेजों के पास की गुमठियां, बस स्टॉप के साथ ही कोचिंग संस्थान के पास भी छेड़छाड़ की घटनाएं सबसे अधिक होती हैं।
प्रकार नया शहर पुराना शहर कुल प्रकरण
कार्रवाई की संख्या 3728 3612 7340
प्रकरण दर्ज 81 15 96
प्रति. कार्रवाई 1212 1156 2368
समझाइश 14183 22088 36271
कुल प्रकरण 15025 22736 37761
बदमाश पकड़ाए 2192 1199 3391
पुलिस मुख्यालय के महिला अपराध शाखा के निर्देश पर भोपाल पुलिस ने 16 से 31 दिसंबर तक भोपाल में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर अभियान चलाया था। अभियान की नोडल आॅफिसर अयोध्या नगर की नगर पुलिस अधीक्षक रश्मि खरया को बनाया गया था।
अभियान के लिए थाना पुलिस के साथ अलग से विशेष टीमें बनाई गई थीं। यह आंकड़े इसी अभियान के समापन के बाद सामने आए हैं।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |