Advertisement
ग्वालियर। शुक्रवार की रात में ग्वालियर शहर में हुई तेज बारिश के बाद शनिवार को मौसम शुष्क रहा। मौसम विभाग के अनुसार रविवार और सोमवार को भी मौसम शुष्क रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान में वृद्धि हो सकती है, लेकिन मंगलवार चार अप्रैल को मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दिन घने बादल छाने के साथ ग्वालियर-चंबल संभाग में कहीं तेज हवाएं चल सकती हैं तो कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।
शुक्रवार को देर रात ग्वालियर में मेघ गर्जना के साथ जोरदार बारिश हुई थी। इस दौरान शहर में 6.2 और घाटीगांव में 9.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। राहत की बात यह रही कि इस दौरान जिले में कहीं भी ओलावृष्टि नहीं हुई। कृषि विभाग के अधिकारियों के अनुसार जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में कहीं हल्की बारिश तो कहीं सिर्फ बूंदाबांदी हुई है इसलिए फसलों को कोई नुकसान नहीं हुआ है।
ग्वालियर के अलावा दतिया, भिण्ड, मुरैना, शिवपुरी, श्योपुर जिलों में भी शुक्रवार की रात चुनिंदा स्थानों पर बारिश हुई। स्थानीय मौसम विज्ञानी सी.के. उपाध्याय ने बताया कि हिमालय में आए पश्चिमी विक्षोभ का असर अब समाप्त हो गया है इसलिए अगले दो दिन तक मौसम शुष्क रहेगा। इस दौरान तेज धूप निकलेगी और तापमान में वृद्धि होगी। उन्होंने बताया कि तीन अप्रैल को हिमालय में एक और ताजा पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है। इसका प्रभाव भी ग्वालियर-चंबल संभाग में देखने को मिलेगा। यहां तीन अपै्रल की शाम को एक बार फिर बादल आ सकते हैं और चार अप्रैल को कहीं तेज हवाएं चल सकती हैं तो कहीं छुटपुट बारिश भी हो सकती है।
स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की अपेक्षा शनिवार को अधिकतम तापमान 0.1 डिग्री सेल्सियस आंशिक गिरावट के साथ 30.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 5.7 डिग्री सेल्सियस कम है जबकि न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 16.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह भी औसत से 2.5 डिग्री सेल्सियस कम है। आज सुबह हवा में नमी 78 और शाम को 41 प्रतिशत दर्ज की गई।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |