Advertisement
देश में संसद सत्र चल रहा है, विपक्ष और पक्ष एक दूसरे को कई मुद्दों पर घेर रहे हैं संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण सोमवार को शुरू होते ही हंगामे की भेंट चढ़ गया। संसद के दोनों सदनों में राहुल गांधी के लंदन में दिए गए बयान को लेकर भाजपा ने माफी की मांग की। इस पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा- सरकार अडानी मुद्दे पर जांच से भाग रही। हमारी बात नहीं सुनी जाती। हम विक्रम बेताल की तरह पीछा नहीं छोड़ेगे।विपक्ष के नेता अडानी मुद्दे पर बेल में आ गए और JPC की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। हंगामे को देखते हुए दोनों सदनों को दोपहर दो बजे तक स्थगित कर दिया गया। दो बजे बाद भी हंगामा जारी रहा। इस पर दोनों सदनों की कार्रवाई मंगलवार तक स्थगित कर दी गई।बता दें कि इस महीने की शुरुआत में राहुल गांधी लंदन दौरे पर थे। यहां उन्होंने कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में कहा था कि संसद में माइक बंद कर दिए जाते हैं। विपक्ष अपनी आवाज नहीं रख सकता है। उन्होंने कहा कि विपक्ष का कोई नेता किसी भी यूनिवर्सिटी में बोल नहीं सकता है। भारत में लोकतंत्र पर सीधा प्रहार हो रहा है।लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों में राहुल गांधी से माफी की मांग की गई। लोकसभा में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि राहुल गांधी ने लंदन में भारत का अपमान किया है। मैं मांग करता हूं कि उनके बयानों की इस सदन के सभी सदस्यों को निंदा करनी चाहिए। उन्हें सदन के सामने माफी मांगने के लिए कहा जाए।वहीं राज्यसभा में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि राहुल ने देश की गरिमा को गिराया है। वह सदन में आकर माफी मांगे। सरकार के एक और मंत्री गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी पर देशद्रोह का केस चलाने तक की मांग कर दी।इधर, सत्ता पक्ष के बयान को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी पलटवार किया है। खड़गे ने कहा- भाजपा के नेता खुद लोकतंत्र को कुचल रहे हैं और हर एजेंसी का गलत उपयोग कर रहे हैं। वे देश को एक तानाशाही की तरह चला रहे हैं और फिर ये लोग लोकतंत्र और देशभक्ति की बात करते हैं।हम अडानी शेयरों के मुद्दे पर JPC के गठन की मांग कर रहे हैं। जब हम इस मुद्दे को उठाते हैं तो माइक बंद कर दिया जाता है और सदन में हंगामा शुरू हो जाता है। इसके लिए आज भी हम JPC की मांग कर रहे हैं। राहुल गांधी के बयान को सत्ता पक्ष के लोग अपने हिसाब से तोड़ मरोड़कर पेश कर रहे हैं।खड़गे ने सदन के अंदर उन्हें न बोलने देने का आरोप लगाते हुए कहा, 'अडानी के मुद्दे पर हम JPC बिठाने की मांग कर रहे हैं। मुझे 2 मिनट भी नहीं बोलने दिया गया। पीयूष गोयल को बोलने के लिए 10 मिनट दिया गया। हमारा माइक भी बंद कर दिया गया और हंगामा किया गया। हम विक्रम बेताल की तरह इसके पीछे पड़े रहेंगे।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |