Advertisement
भोपाल। शहर के नेहरू स्टेडियम में रविवार देर शाम करीब ढाई हजार महिलाओं ने 40 मिनट के भीतर राष्ट्रपति द्रौपती मुर्मू की छह कलाकृतियां बनाकर विश्व रिकॉर्ड बनाया है। इस दौरान सारा स्टेडियम मातृशक्ति से पटा नजर आया। प्रदेश के किसान-कल्याण तथा कृषि मंत्री कमल पटेल ने राष्ट्रपति की कलाकृतियां उकेरकर खिलता कमल जन-कल्याण सोसायटी के सदस्यों को विश्व रिकार्ड बनाने पर बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं।
कृषि मंत्री पटेल ने सोमवार को अपने संदेश में कहा कि हरदा के युवाओं ने राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू की आकृति उकेर कर विश्व रिकार्ड बनाने का उल्लेखनीय कार्य किया है। सोसायटी अध्यक्ष संदीप पटेल और चर्चित कलाकार सतीश गुर्जर के प्रयासों से 2500 महिलाओं ने मानव श्रंखला के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के पूर्व राष्ट्रपति मुर्मू की जीवंत आकृतियाँ उकेरने का अनूठा कार्य किया है।
कलाकृति बनाने वाली टीम के लीडर सतीश गुर्जर ने बताया कि जिले भर के विभिन्न ग्रामों ओर जिला मुख्यालय की करीब ढाई हजार महिलाओं के सहयोग से हमारे करीब 100 वॉलिंटियर्स ने बीते पांच दिनों की कड़ी मेहनत के साथ करीब 40 हजार वर्गफीट में महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के जन्म से लेकर उनके राष्ट्रपति बनने तक के अलग-अलग 6 रुपों को दर्शाया गया है।
उन्होंने कहा कि एक साधारण परिवार में जन्म लेने के बाद किसी महिला का देश के सर्वोच्च पद पर आसीन होना समस्त नारी शक्ति के लिए प्रेरणा का स्त्रोत है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए हमारी टीम ने कड़ी मेहनत कर मात्र 40 मिनट के अंदर 6 कलाकृतियों को बनाकर विश्व रिकॉर्ड बनाया गया है। साथ ही राजनीति, समाजसेवा संस्कृति, चिकित्सा, शिक्षा, आर्ट, प्रशासन सहित अन्य क्षेत्रों में उच्च पदों पर आसीन महिलाओं को सम्मानित कर महिला दिवस को मनाया जा रहा है।
टीम की सदस्य रितिका पथोरिया ने बताया कि महिलाओं के द्वारा बनाए गए पहले पोर्ट्रेट में उनके जन्म के समय का फोटो, दूसरे में उनकी स्कूली शिक्षा, तीसरे में उनके शिक्षिका के कार्यकाल, चौथे में झारखंड की राज्यपाल के पद पर आसीन होने, पांचवे में राष्ट्रपति पद पर सुशोभित होने एवं अंतिम छठवें पोर्ट्रेट में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के लोगो के साथ उनकी तस्वीर को बनाया गया है।
कृषि मंत्री कमल पटेल ने अलग-अलग क्षेत्रो में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के जन्मदिन पर हरदा महिलाओं की महिलाओं ने विश्व कीर्तिमान बनाया है। उन्होंने कहा कि हरदा की महिला और खिलता कमल सांस्कृतिक मंच के द्वारा बनाई गई यह अद्भुत कलाकृति देश ही नही पूरे विश्व की महिलाओं को समर्पित है।
छोटे बच्चों को गोद में लेकर शामिल हुई महिलाएं
आयोजन को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह देखा गया। जिले के हर वर्ग एवं हर क्षेत्र में कार्य करने वाली महिलाओं ने आयोजन में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। वहीं कुछ महिलाएं तो अपने नन्हें बच्चों को गोद में लेकर महिलाओं के द्वारा बनाई गई मानव कलाकृति में हिस्सा लिया।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |