Advertisement
देवास में एक हृदय विदारक घटना घटी। रात में एक निगमकर्मी की हार्ट अटैक से मौत हो गई। बेटा उनका शव घर में छोड़कर सुबह परीक्षा देने गया। पेपर देकर लौटा और पिता का अंतिम संस्कार किया। पूछने पर इतना ही कहा- दिल पर पत्थर रखकर पिता का सपना पूरा करने गया था।जिले के आवास नगर में रहने वाले जगदीश सोलंकी को बुधवार रात 12 बजे हार्ट अटैक आया। वे नगर निगम में प्रभारी सहायक राजस्व निरीक्षक थे। परिवार में पत्नी के अलावा चार बेटियां और एक बेटा है। चारों बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि बेटा देवेंद्र माउंट हायर सेकेंडरी स्कूल का छात्र है।गणित संकाय से 12वीं कर रहे देवेंद्र का गुरुवार को हिंदी विषय का पेपर था। वह रात में पढ़ाई में जुटा हुआ था। रात 12 बजे पिता को सीने में दर्द उठा। वह कमरे से बाहर आया तो जगदीश की हालत ठीक नहीं थी। कुछ देर बाद जगदीश के शरीर ने हरकत करना बंद कर दिया। वे उन्हें अस्पताल लेकर पहंचे, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पिता की बॉडी घर पर रखी हुई थी और उधर देवेंद्र के पेपर का समय हो रहा था। उसने इतनी दुख की घड़ी में पेपर देने का निर्णय लिया।छात्र देवेंद्र ने बताया- पापा अब इस दुनिया में नहीं हैं। सुबह मेरा 12वीं का पेपर था। पापा चाहते थे कि मैं अच्छे नंबरों से पास होऊं। उनके लिए ही दिल पर पत्थर रखकर एग्जाम देने गया। पापा का सपना था कि मैं आर्मी या सिविल सर्विसेस में जाऊं। पेपर अच्छा गया है। आगे कैसे होगा, इस बारे में तो कुछ नहीं पता, लेकिन जो भी होगा, देखा जाएगा। बस अपने दूसरे साथियों को यही कहना चाहूंगा कि विपत्ति कितनी भी आए, उसका डट कर सामना करो। पढ़ाई को अहमियत देना बहुत जरूरी है।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |