Advertisement
भोपाल। मध्यप्रदेश में सत्ता और विपक्ष के बीच जुबानी जंग जारी है। मुख्यमंत्री शिवराज और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ हमलावर स्थिति में हैं और एक दूसरे पर निशाना साध रहे हैं। मंगलवार को कमलनाथ ने मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए बड़ा हमला बोला है।
कमलनाथ ने ट्वीट कर मुख्यमंत्री शिवराज को घेरते हुए निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि शिवराज जी, कम से कम आप के श्री मुख से लोकतंत्र और संविधान की बातें अच्छी नहीं लगती। सत्ता के लालच में लोकतंत्र का गला घोटने के आप अनुपम उदाहरण हैं। आपकी बातें सुनकर मुझे 'उल्टा चोर कोतवाल को डांटे' वाली कहावत याद आ जाती है।
कमलनाथ ने सवाल साधते हुए कहा कि आप अपने अंतर्मन में झांकने के बजाय दूसरों से सवाल करते हैं। मध्य प्रदेश की जनता आपसे पूछती है कि आपने मुख्यमंत्री कन्या विवाह और निकाह योजना के लाभार्थी नवविवाहित दंपतियों को, जिनके पास पक्का मकान नहीं है, उन्हें रियायती दरों पर पक्का मकान देने की घोषणा की थी। क्या यह योजना भी आपकी झूठ मशीन की भेंट चढ़ गई?
कांग्रेस झूठ परोसने की दुकान: मुख्यमंत्री
इससे पहले मुख्यमंत्री चौहान ने कांग्रेस और कमलनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्यपाल पर कांग्रेस की टिप्पणी को लोकतंत्र की गरिमा गिराने वाली बात बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस झूठ परोसने की दुकान है। राज्यपाल संवैधानिक पद है, राज्यपाल जी पर अशोभनीय टिप्पणी कर कमलनाथ जी ने लोकतंत्र की गरिमा गिराने का काम किया है। मुख्यमंत्री ने सवाल पूछते हुए कहा कि कमलनाथ जी वादा किया था कि संभाग स्तर पर कन्याओं के लिए खेल स्कूल खोले जाएंगे, सवा साल की सरकार में एक भी स्कूल खोला?
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |