Advertisement
भोपाल। दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के विरोध में सोमवार को भोपाल में भी आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। आप कार्यकर्ता सात नंबर स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय पर प्रदर्शन करने के लिए जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक लिया। इसके बाद जब कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड पर चढ़ने की कोशिश की तो पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर लिया और वैन में बैठाकर अपने साथ ले गई।
दरअसल, दिल्ली सरकार की शराब नीति में गड़बड़ी के मामले में सीबीआई द्वारा उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार किया था। इस गिरफ्तारी के विरोध में आज देशभर में आप कार्यकर्ताओं द्वारा प्रदर्शन किया गया। भोपाल में भाजपा कार्यालय के पास आप कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को भाजपा कार्यालय के बार से ही गिरफ्तार किया। पुलिस उन्हें जेल लेकर गई है। अभी यह तय नहीं हो पाया है कि आप कार्यकर्ताओं को जेल भेजा जाएगा या फिर मुचलके पर छोड़ दिया जाएगा। पुलिस वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश का इंतजार कर रही है।
इस मौके पर आप के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष पंकज सिंह ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिस तरीके से मनीष सिसोदिया को दिल्ली में गिरफ्तार किया गया। देश में अनोखी घटना घट रही है। शिक्षा मंत्री (दिल्ली सरकार) सिसोदिया ने पूरी दुनिया में शिक्षा के क्षेत्र में भारत का नाम रोशन किया। उन्हें आबकारी घोटाले में पकड़ा जा रहा है। एक तरफ अच्छा काम करने वाले सिसोदिया को पकड़ा जा रहा है, दूसरी तरफ बड़े-बड़े घोटाले करने वाले अडाणी को खुलेआम छोड़ा जा रहा है। सीबीआई, ईडी वहां भी जाकर जांच करे। मध्यप्रदेश में आए दिन घोटाले होते हैं, कोई जांच नहीं होती, क्योंकि यहां भाजपा के नेता हैं। विपक्ष की आवाज दबाने के प्रयास हो रहे हैं।
पंकज सिंह ने कहा कि भाजपा आम आदमी पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता से बौखला गई है। गिरफ्तारी अडाणी की होनी थी। मोदी सरकार ने सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग कर न केवल मनीष सिसोदिया को, बल्कि दिल्ली के 18 लाख गरीब बच्चों के भविष्य को गिरफ्तार किया है। मोदी सरकार एक के बाद एक विपक्ष की आवाज को कुचलने पर उतारू है। सीबीआई के जरिए आम आदमी पार्टी की आवाज को दबाना चाहती है, लेकिन न हम डरेंगे नहीं, न झुकेंगे।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |