Advertisement
खरगोन। शहर की न्यू हाउसिंग बोर्ड कालोनी में शनिवार की रात शादी समारोह में खाना खाने के बाद 40 से अधिक बीमार हो गए। बताया जा रहा है कि उन्हें उल्टी दस्त की शिकायत हुई। इसके बाद रात 12 से सुबह 4.00 बजे तक एक के बाद एक सभी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और हालात का जायजा लिया। चिकित्सकों के मुताबिक सभी लोग फूड पाइजनिंग के शिकार हुए हैं। उन्होंने शादि समारोह में सब्जी पूरी, पकोड़े, पनीर की सब्जी के अलावा दूध से बना फ्रूट कस्टर्ड खाया था।
चिकित्सकों के अनुसार, देर रात उल्टी दस्त की शिकायत के बाद लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। बीमारों में महिलाएं, पुरुष सहित बच्चे भी शामिल हैं। उपचार के बाद सभी मरीजों की हालत में सुधार है और रविवार सुबह तक कई मरीजों को छुट्टी दे दी गई। मरीजों में रिश्तेदारों सहित कालोनीवासी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार खरगोन के न्यू हाउसिंग बोर्ड में मोहनलाल पाटीदार के यहां शनिवार की रात शादी समारोह था, जिसमें आसपास के लोग भी शामिल हुए थे। रात में खाना खाने के बाद लोगों को उल्टी दस्त की शिकायत होने लगी। इसके बाद सभी को जिला अस्पताल लाया गया। पीड़ित मरीज राजेन्द्र कुमार बागदरे ने बताया कि दूध से बने फ्रूट कस्टर्ड खाने के बाद देर रात करीब साढे 12 से एक बजे के बीच अचानक उल्टी दस्त होने लगी। 40 से अधिक लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उपचार के बाद अब आराम मिला है। सुबह एसडीएम ने भी अस्पताल का दौरा कर मरीजों के हाल जाने।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |