Advertisement
इंदौर में एक कॉलेज की प्रिंसिपल को पूर्व छात्र ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी। प्रिंसिपल 80 प्रतिशत तक झुलस गई हैं। उन्हें गंभीर हालत में चाेइथराम अस्पताल में भर्ती किया गया है। मामला सिमरोल थाना क्षेत्र के बीएम कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड फार्मेसी का है। पूर्व छात्र आशुतोष श्रीवास्तव ने कॉलेज की 55 वर्षीय प्रिंसिपल विमुक्ता शर्मा को पेट्रोल डालकर जला दिया। आईजी ग्रामीण राकेश गुप्ता ने बताया, प्रिंसिपल विमुक्ता शर्मा सोमवार दोपहर को कॉलेज से घर के लिए रवाना हो रही थीं, तभी आरोपी वारदात कर दी।वह अपनी बाइक से ही पेट्रोल निकालकर लाया था। प्रिंसिपल गर्दन के नीचे से पैर तक झुलस गई हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी आशुतोष (21) पिता संतोष निवासी 6, विजयश्री नगर इंदौर को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह भी 30% तक झुलसा है। उसका एमवाय अस्पताल में इलाज जारी है। घटनास्थल पर सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। एसपी भगवतसिंह विरदे ने बताया कि आरोपी ने चार माह पहले कॉलेज के कर्मचारी विजय पटेल पर भी चाकू से चार वार किए थे। तब पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर थाने से जमानत दी थी।कॉलेज में सुरक्षा गार्ड नहीं है। इलेक्ट्रिशियन स्पॉट इंचार्ज अलंकार गायकवाड़ व एक महिला कर्मचारी वहां मौजूद थी। उन्होंने बताया, प्रिंसिपल 4:45 बजे कॉलेज से बाहर आईं और बिल्व पत्र तोड़ने लगीं। वे कार में बैठ रही थीं, तभी आरोपी प्लास्टिक की बाल्टी में पेट्रोल लेकर आया और मैडम पर फेंक दिया। उनका पूरा शरीर भीग गया। वे कार से बाहर आईं। तभी आरोपी ने लाइटर निकाल कर आग लगा दी। वे बचने के लिए आरोपी से झूमा-झटकी करती रहीं। प्रिंसिपल की चीख सुनकर वे दोनों दौड़े और आग बुझाने के लिए उनके कपड़े फाड़ दिए। फिर कॉलेज की टी-शर्ट से उन्हें ढंक कर उन्हीं की कार में अस्पताल ले गए।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |