Advertisement
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज यहाँ मंत्रालय में वीडियो कान्फ्रेंस में तीन महत्वाकांक्षी अभियानों आनंद उत्सव, नमामि देवी नर्मदे सेवा यात्रा और नगरोदय अभियान के संबंध में कलेक्टरों और जन-प्रतिनिधियों से रू-ब-रू बात कर तैयारियों की समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि प्रदेश और जनता की बेहतरी के लिये प्रशासन और जन-प्रतिनिधि टीम के रूप में काम करें। पूरे प्रदेश में आगामी 14 से 21 जनवरी तक आनंद उत्सव आयोजित किया जायेगा। इसमें ग्राम पंचायत स्तर तक खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रम किये जायेंगे। 'नमामि देवी नर्मदे' नर्मदा सेवा यात्रा प्रदेश में 11 दिसम्बर से 5 मई तक निकाली जायेगी। मध्यप्रदेश की जीवनरेखा नर्मदा नदी को प्रदूषणमुक्त करने और उसके संरक्षण के लिये व्यापक जन-अभियान चलाया जायेगा। प्रदेश में नगरोदय अभियान तीन चरण में 25 दिसम्बर से 5 फरवरी तक आयोजित किया जायेगा।
इसमें शहरी क्षेत्रों में विकास कार्यों की शुरूआत, हितग्राहीमूलक योजनाओं में पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने और नागरिकों की समस्याओं का निराकरण किया जायेगा। इस मौके पर वन मंत्री डॉ. गौरीशंकर शेजवार, मुख्य सचिव श्री बी.पी. सिंह और जन-अभियान परिषद उपाध्यक्ष द्वय श्री प्रदीप पाण्डे और श्री राघवेन्द्र गौतम भी उपस्थित थे।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |