Advertisement
 
								
								किसान कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री कमल पटेल ने कहा है कि हरदा की अजनाल नदी के रिवर फ्रंट को साबरमती रिवर फ्रंट की तरह ही विकसित किया जायेगा। उन्होंने प्रस्तावित रिवर फ्रंट के लिये हरदा गुप्तेश्वर मंदिर के पास नदी तट का स्थल निरीक्षण किया। कृषि मंत्री पटेल ने बताया कि अजनाल नदी के तट पर लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबा रिवर फ्रंट विकसित किया जायेगा। नदी का गहरीकरण किया जाएगा। तट का सौंदर्यीकरण करेंगे। उन्होंने बताया कि नदी के गहरीकरण और रिवर फ्रंट विकसित करने के लिये सर्वे कार्य जारी है। मंत्री पटेल ने सर्वे दल के सदस्यों से कार्यों की जानकारी भी प्राप्त की। उन्होंने बताया कि अजनाल नदी के गहरीकरण से हरदा शहर वासियों को बाढ़ की समस्या से भी मुक्ति मिलेगी।
मंत्री पटेल ने बुधवार को हरदा सर्किट हाउस में रेलवे अफसरों को पील्याखाल में रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) निर्माण के लिये आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये। उन्होंने खिरकिया शहर, भिरंगी, कमताड़ा-मसनगाँव-सिराली और हरदा बायपास पर बनने वाले आरओबी के निर्माण कार्यों संबंधी बाधाओं को दूर कर शीघ्र कार्य आरंभ करने के निर्देश दिये। मंत्री पटेल ने खिरकिया में आरओबी निर्माण स्थल का निरीक्षण भी किया। कृषि मंत्री पटेल ने बताया कि हरदा में कथा वाचिका जया किशोरी जी के मुखारविंद से 7 से 13 दिसम्बर तक आयोजित श्रीमद् भागवत कथा का लाभ क्षेत्र की जनता ले सकेगी। उन्होंने बताया कि कथा में 13 दिसम्बर को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी शामिल होंगे। इस दिन मुख्यमंत्री चौहान की उपस्थिति में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में 500 जोड़ों का सामूहिक विवाह होगा।
 
							
							
							
							Kolar News
 24 November 2022
								24 November 2022
								|  All Rights Reserved	©2025 Kolar News.  Created By:   Medha Innovation & Development |