Advertisement
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि भगवान बिरसा मुंडा देश के जनजातीय समाज के गौरव हैं। उन्होंने अपने अधिकारों के लिए संघर्ष और अपने जीवन में बदलाव लाने के लिए स्वयं प्रयास करने की प्रेरणा समाज बन्धुओं को दी। राज्य सरकार भगवान बिरसा मुंडा के दिखाए मार्ग पर चलते हुए जनजातीय समाज के विकास, कल्याण और युवाओं को आत्म-निर्भर बनाने के लिए शिक्षा, उद्यमिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में गतिविधियाँ संचालित कर रही हैं। इसी के अंतर्गत प्रदेश में 15 नवम्बर से पेसा एक्ट का क्रियान्वयन आरंभ हो रहा है। मुख्यमंत्री चौहान 15 नवम्बर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर होने जा रहे जनजातीय गौरव दिवस मनाने के संबंध में मुख्यमंत्री निवास में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। जनजातीय बहुल विकासखंडों के साथ ही राज्य स्तरीय कार्यक्रम शहडोल में होने जा रहा है। मुख्यमंत्री चौहान ने आज प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए जन-प्रतिनिधि, स्वयंसेवी संगठनों के कार्यकर्ता, जनजातीय समुदायों के मुखिया, परम्परागत तड़वी, पटेल और अन्य प्रतिनिधियों से चर्चा की। मुख्यमंत्री चौहान ने आमंत्रित प्रतिनिधियों से जनजातीय गौरव दिवस संबंधी चर्चा करते हुए उन्हें विभिन्न शासकीय योजनाओं और कल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |