Advertisement
दमोह जिले के दमोह देहात थाना के ग्राम देवरान में मंगलवार की सुबह गोली चलने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मृत्यु होने की खबर मिलते ही जिला और पुलिस प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई कर मुख्य आरोपी जगदीश पटेल को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना की बारीकी से जाँच की जा रही है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। घटना की खबर मिलते ही कमिश्नर सागर मुकेश शुक्ला और कलेक्टर एस.कृष्ण चैतन्य सहित अधिकारियों का दल घटना-स्थल पर पहुँचा और घटना के कारणों की जाँच की गई। सुरक्षा की दृष्टि से गाँव में पुलिस फोर्स तैनात की गई है।
बताया गया कि ग्राम देवरान के घमंडी अहिरवार-60 वर्ष, उनकी पत्नी-58 वर्ष, मानक लाल अहिरवार-30 वर्ष की गोली लगने से मृत्यु हो गई है। एक अन्य व्यक्ति महेश अहिरवार को घायल अवस्था में जिला चिकित्सालय में भरती किया गया है। कमिश्नर मुकेश कुमार शुक्ला ने बताया कि पीड़ित परिवार की सदस्य महिलाओें से मुलाकात की है। पुलिस और प्रशासन द्वारा मुस्तैदी से कार्यवाही की जा रही है। जरूरी सहायता और मुआवजा राशि दिये जाने की कार्यवाही की जा रही है। मृतकों के परिजन को ग्राम पंचायत द्वारा अंत्येष्टि राशि 15 हजाररूपये तत्काल उपलब्ध कराये गये हैं।
आई.जी. अनुराग ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी तत्काल गाँव पहुँच गए। घटना की संवेदनशीलता के साथ जाँच-पड़ताल की जा रही है। मुख्य आरोपी जगदीश हमारे कब्जे में है। अन्य आरोपियों को भी जल्द से जल्द पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। कलेक्टर एस. कृष्ण चैतन्य ने बताया कि प्रावधान अनुसार पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दी जायेगी। और पुलिस अधीक्षक डी.आर. तेनीवार ने बताया कि सुबह घमंडी अहिरवार और जगदीश पटेल के परिवारों में हुए विवाद में जगदीश पटेल परिवार ने घमंडी अहिरवार के परिवार पर गोली चलाई, जिसमें तीन लोगों की मृत्यु हो गई। प्रकरण में एट्रोसिटी एक्ट का प्रकरण पंजीबद्ध कार्यवाही की जा रही है। शेष आरोपियों की तलाश के लिये पुलिस दलों को भी विभिन्न स्थानों के लिये भेजा गया है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |