Advertisement
मध्यप्रदेश का चुनावी पारा दिनों दिन बढ़ता जा रहा है। इसके साथ ही राजनीतिक दल अपनी तैयारियों को पूर्ण करने में जुट गए हैं। इसी के तहत जहां भाजपा अपने बूथ विजय संकल्प अभियान को आज शुक्रवार, 10 जून से प्रारंभ कर रही है तो वहीं कांग्रेस विभिन्न क्षेत्रों में जाकर मतदाताओं से संपर्क कर रही है। दरअसल भारतीय जनता पार्टी दस जून से बूथ विजय संकल्प अभियान शुरू कर रही है। सीएम शिवराज सिंह चौहान अभियान की शुरुआत करेंगे। जिलाध्यक्ष सुमित पचौरी ने कहा कि शुक्रवार, 10 जून को पार्टी के कार्यकर्ता प्रत्येक बूथ पर बूथ विजय का संकल्प लेंगे। इसके तहत लोगों को बताया जाएगा कि जनता के कल्याण, भोपाल नगर के विकास के लिए केवल भाजपा ने ही कार्य किया है। भाजपा कार्यकर्ता जीतेगा बूथ, जीतेगी भाजपा के मंत्र के साथ बूथ विजय का संकल्प लेंगे। बूथ विजय संकल्प-अभियान के अंतर्गत पार्टी के नेता बूथों पर पहुंचेंगे।
सीएम शिवराज सिंह चौहान एवं जिलाध्यक्ष सुमित पचौरी पंचशील मंडल के बूथ क्र. 1260, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा टैगोर मंडल के बूथ क्र. 69, रघुनंदन शर्मा शाहपुरा मंडल के बूथ क्रमांक 205, प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक शर्मा बूथ क्र. 571, सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर बूथ क्र. 85 पहुंचेंगी। इधर, कांग्रेस: चाय पर चर्चा के साथ ही मतदाताओं से क्षेत्र की समस्याओं का फीडबैक ले रही है। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस जिला अध्यक्ष कैलाश मिश्रा ने गुरुवार को रोशनपुरा स्थित जिला कार्यालय में बैठकर संभावित उम्मीदवारों से बायोडाटा प्राप्त किए। मिश्रा ने कहा कि योग्य उम्मीदवारों की जमीनी रिपोर्ट और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के फैसले के आधार पर टिकट वितरण किया जाएगा। नगर निगम चुनाव के लिए पार्टी की लहर पैदा करने कांग्रेस पदाधिकारी अब विधानसभा क्षेत्रों के इलाकों में जाकर संभावित उम्मीदवारों के समर्थकों एवं मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं। पीसीसी सचिव मनोज शुक्ला ने गुरुवार को नरेला विधानसभा क्षेत्र के अन्ना नगर, अशोका गार्डन क्षेत्र में जाकर मतदाताओं से संपर्क किया। चाय पर चर्चा कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र की समस्याओं पर मतदाताओं का फीडबैक लिया गया। मौजूदा पार्षद के क्रियाकलापों एवं लोगों की समस्याओं को लेकर कांग्रेसी नेताओं ने लोगों से विचार साझा किए।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |