Advertisement
इंदौर में पति के शक करने की आदत से परेशान एक महिला थाने पहुंच गई। महिला ने बताया, एयरफोर्स में तैनात उसका पति उस पर शक करता है। वो अक्सर उसका फोन चेक करते हुए कॉल डिटेल चेक करता है। साथ ही इंस्टाग्राम व फेसबुक पर आए मैसेज भी पढ़ता है। इसके अलावा महिला ने पति समेत ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप भी लगाया है। दोनों ने सालभर पहले ही लव मैरिज की थी। TI ज्योति शर्मा के मुताबिक आजाद नगर इलाके में रहने वाली एक 25 साल की महिला ने एयरफोर्स में तैनात पति के खिलाफ केस दर्ज कराया है। महिला का पति एयरमैन के पद पर लद्दाख में तैनात है। महिला का कहना है कि पति गोपालसिंह उर्फ अभिषेक पुत्र प्रेम सिंह मुकाती निवासी ग्राम खामखेड़ा बैजनाथ आष्टा उस पर शक करता है। दहेज के लिए परेशान करता है। महिला थाना पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
महिला ने बताया, एक शादी समारोह में अभिषेक से पहचान हुई थी। इसके बाद दोनों में बातचीत होने लगी। 16 अप्रैल 2021 को लव मैरिज कर ली। शादी के 10 दिन बाद अभिषेक ड्यूटी पर लद्दाख चला गया। शादी को एक माह ही हुआ था कि दहेज में कार लाने की डिमांड की जाने लगी। मैंने मना किया, लेकिन लगातार दबाव बनाने के बाद आखिर अपने परिवार को जानकारी दी। अगस्त 2021 को जब वो वापस आया तो उसने इंदौर में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने की बात कही। वो मेरे मोबाइल से पढ़ने के बहाने मेरे मैसेज और कॉल डिटेल चेक करता रहता था। इसके बाद वह इंस्टाग्राम और फेसबुक भी चेक करने लगा। मुझे यह बात बुरी लगी, लेकिन नई शादी होने के चलते कुछ नहीं कहा। ससुराल में मेरी तबीयत ठीक नहीं रहती थी। सितंबर 2021 में तबीयत ज्यादा खराब हो गई। अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। अभिषेक मुझे वहीं छोड़कर वापस ड्यूटी पर चला गया। अस्पताल का बिल भी नहीं चुकाया। माता-पिता मुझे अपने साथ लेकर चले गए। इसके बाद थाने में शिकायत दर्ज कराई।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |