Advertisement
इंदौर। कांग्रेस सेवादल ने बढ़ती महंगाई के विरोध में शनिवार को इनामी मैराथन दौड़ करवाई। सुबह से ही शहर के बड़ा गणपति चौराहे पर कांग्रेस सेवादल के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं के साथ ही कांग्रेस के पदाधिकारियों का जमावड़ा लग गया था। मैराथन दौड़ में हिस्सा लेने वाले भी पूरी तैयारी के साथ यहां पहुंचे।
कांग्रेस सेवादल की यह मैराथन दौड़ बड़ा गणपति चौराहे से लेकर राजमोहल्ला चौराहे तक करीब एक किमी लंबी रही। बालिका वर्ग और पुरुष वर्ग ने इसमें हिस्सा लिया। इंदौर शहर कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष मुकेश यादव ने मैराथन दौड़ की शुरूआत की। दौड़ के लिए दोनों वर्गों में कुल 700 रजिस्ट्रेशन हुए थे। कांग्रेस सेवादल पदाधिकारियों, कांग्रेस नेताओं ने बढ़ती महंगाई के खिलाफ बयानबाजी की। बड़ा गणपति चौराहे पर दौड़ शुरू होने के पहले महंगाई डायन खाए जात है गीत भी बजाया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।
इस मैराथन दौड़ में बालिका और पुरुष वर्ग के विजेताओं को अलग-अलग 10 लीटर पेट्रोल, 5 किलो सोयाबीन तेल और 1 किलो नींबू का इनाम में दिया गया। इंदौर शहर कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष मुकेश यादव ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई के कारण आम जनता परेशान है। पेट्रोल-डीजल, सिलेंडर सहित खाद्य पदार्थ के भाव आसमान छू रहे हैं। बढ़ती महंगाई के खिलाफ केंद्र और राज्य सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए यह मैराथन दौड़ कराई गई थी।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |