Advertisement
भोपाल। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह 22 अप्रैल को एक दिवसीय भोपाल प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान शाह एक घंटे से अधिक समय भाजपा प्रदेश कार्यालय में उपस्थित रहेंगे और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और प्रदेश सरकार के मंत्रीगणों से अनौपचारिक भेंट करेंगे। उनके आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में अपार जोश है।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने गुरुवार को बताया कि भारत के गृह मंत्री अमित शाह के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह और उमंग है। व्यापक स्तर पर पार्टी ने स्वागत की तैयारियां की है। उन्होंने कहा कि राजाभोज की नगरी भोपाल में केन्द्रीय गृह मंत्री का कार्यकर्ताओं द्वारा ऐतिहासिक और भव्य स्वागत होगा।
हवाई अड्डे पर कार्यकर्ता करेंगे अगवानी
विष्णुदत्त शर्मा ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार को प्रातः 10.30 बजे भोपाल हवाई अड्डा पहुंचेंगे, जहां पार्टी कार्यकर्ता उनकी अगवानी करेंगे। प्रातः 11.10 बजे सीएपीटी भोपाल पहुंचकर वृक्षारोपण कर 48 वीं अखिल भारतीय पुलिस विज्ञान कांग्रेस के कार्यक्रम में शामिल होंगे। शाह दोपहर 1.30 बजे मुख्यमंत्री आवास पहुंचेंगे। दोपहर 2.15 बजे लाल परेड ग्राउंड से हेलीकॉप्टर द्वारा जंबूरी मैदान पहुंचेंगे। दोपहर 2.35 बजे जंबूरी मैदान में वन समितियों के सम्मेलन को संबोधित करने के पश्चात शाह शाम 4.27 बजे हेलीकॉप्टर द्वारा लाल परेड ग्राउंड पहुंचेंगे।
5 नं. स्थित श्रीकृष्ण प्रणामी मंदिर से प्रदेश कार्यालय तक कार्यकर्ता करेंगे ऐतिहासिक स्वागत
शर्मा ने बताया कि केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के स्वागत को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने व्यापक तैयारियां की है। प्रदेश कार्यालय सजधज कर तैयार है। कार्यालय परिसर को आकर्षक रूप से सुसज्जित किया गया है। उन्होंने बताया कि केन्द्रीय गृह मंत्री शाह जंबूरी मैदान के कार्यक्रम के पश्चात लाल परेड ग्राउंड होते हुए भाजपा कार्यालय रवाना होंगे। 5 नं. स्थित श्री कृष्ण प्रणामी मंदिर से प्रदेश कार्यालय तक उनका कतारबद्ध होकर पार्टी कार्यकर्ता, विभिन्न सामाजिक संगठन और नागरिक गर्मजोशी के साथ स्वागत करेंगे।
उन्होंने बताया कि अमित शाह शाम 5.05 बजे भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय, पं. दीनदयाल परिसर पहुंचकर महापुरूषों की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। माल्यार्पण के पश्चात श्री शाह जी प्रदेश पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं और प्रदेश सरकार के मंत्रीगणों से अनौपचारिक भेंट करेंगे। कार्यालय से केन्द्रीय गृह मंत्री सायं 6.15 बजे पुनः सड़क मार्ग द्वारा लाल परेड ग्राउंड पहुंचेंगे। सायं 6.35 बजे हेलीकॉप्टर द्वारा लाल परेड ग्राउंड से स्टेट हैंगर पहुंचकर रात्रि 8.05 बजे विमान द्वारा दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |