Advertisement
खंडवा। ओंकारेश्वर रोड स्थित कोठी गांव में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहां नहर में नहाने गई 4 बच्चियों की डूबने से मौत हो गई। 2 घंटे के रेस्क्यू के बाद गोताखोरों को उनकी डेड बॉडी मिली। थाना मांधाता पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए ओंकारेश्वर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा है।
जानकारी अनुसार घटना बुधवार सुबह 7 बजे की है। ओंकारेश्वर के निकट ग्राम कोठी में साध्वी ऋतंभरा का पिताम्बरेश्वर आश्रम है। आश्रम के निकट से ओंकारेश्वर बांध की नहर बह रही है। बुधवार को सुबह करीब सात बजे आठ से दस बालिकाएं नहाने गई थी। सभी घाट पर रैलिंग से बंधी सांकल पकडक़र नहा रही थी तभी एक बालिका के हाथ से सांकल छूट गई। वह नहर के तेज बहाव में बहने लगी। उसे नहर में डूबता देख एक बालिका नहर में कूदी। वह भी डूबने लगी। इनकी मदद के लिए चार बालिकाएं नहर में कूद गई। इस तरह एक-दूसरे को बचाने के लिए छह लड़कियां नहर में कूद गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण और आश्रम के कर्मचारी वहां पहुंच कर मदद में जुट गए। इसके बाद मान्धाता और मोरटक्का चौकी से पुलिस अधिकारी भी गोताखोर के साथ मौके पर पहुंच गए। घटना में चार हादसे का शिकार हो गईं, वहीं दो बालिकाओं को लोगों की मदद से बचा लिया गया है। घटना मेें मृतक बच्चियों के नाम वैशाली (12वर्ष) पूत्री नवल ग्राम बडिय़ा, भीकनगांव, कंचन (11 वर्ष) पुत्री रमेश ग्राम सोमवाडा, भीकनगांव, प्रतीक्षा छनिया (12 वर्ष) ग्राम दाभड़, सनावद और दिव्यांशी चेतक (10 वर्ष) ग्राम इंद्रपुर रहतिया, बड़वानी है। चारों पांचवी कक्षा की छात्राएं थी।
इस हृदय विदारक घटना से आश्रम और गांव में मातम पसर गया है। चारों बालिकाएं खरगोन व बड़वानी जिले की रहने वाली हैं। बचपन से बालिकाएं आश्रम में रह कर पढ़ाई कर रही थी। बताया जाता है कि एक दूसरे को बचाने में बालिकाएं नहर में डूबी हैं। थाना मांधाता पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए ओंकारेश्वर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा है।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |