Advertisement
भोपाल। भाजपा राजनैतिक दल होने के साथ ही समाज के उन मुद्दों और विषयों पर भी काम करता है, जो व्यक्ति के सामाजिक दायित्व से जुडे होते हैं। लाडली लक्ष्मी योजना, बेटी बचाओ बेटी पढाओ योजना, जलाभिषेक अभियान जैसे अन्य अभियान समाज से जुड़े होते हैं। इसलिए भाजपा की कार्यपद्धति से समाज का हर वर्ग प्रभावित होता है। आज समाज का हर वर्ग हमसें जुडना चाहता है। विशेष संपर्क अभियान के के माध्यम से हम समाज के प्रभावी लोगों तक सरकार के काम और पार्टी की विचारधारा पहुंचाने का काम करेंगे।
यह बात पार्टी के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने शनिवार को भोपाल स्थित पार्टी में विशेष संपर्क अभियान की बैठक को संबोधित करते हुए कही। बैठक को पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने भी संबोधित किया। बैठक में पार्टी के प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी भी मंचासीन थे।
विशेष संपर्क अभियान पार्टी का सबसे महत्वपूर्ण कार्य
मुरलीधर राव ने कहा कि भाजपा की देश और प्रदेश में सरकार जनसेवा का कार्य कर रही है। आने वाले 25 वर्षों तक सेवा का यह क्रम निरंतर चलता रहे, इसके लिए हमें जनता के मिल रहे समर्थन को और बढाना है। हमारे आसपास और कार्यक्षेत्र में अनेक विशेष काम करने वाले लोग हैं, जो हमारी पार्टी की कार्यशैली से प्रभावित है। ऐसे उन्नतशील किसान, महिलाएं, ख्याति प्राप्त खिलाडियों और अलग अलग क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाने वाले लोगों की सूची तैयार कर उनसे संपर्क करें।
उन्होंने कहा कि समय समय पर जब जिलों में प्रादेशिक नेता का प्रवास होता है तब इन प्रभावी लोगों के साथ आयोजन करें। विशेष संपर्क अभियान पार्टी का सबसे महत्वपूर्ण कार्य है। इस दृष्टि से आप स्वस्फूर्त होकर इस कार्य में जुटें। प्रदेश के सभी संगठनात्मक जिलों को मिलाकर पूरे प्रदेश से लगभग 3 हजार से अधिक ऐसे प्रबुद्धजनों को चिन्हित करें, जो समाज में प्रभावी भूमिका रखते हो।
संगठन का साहित्य और सरकार की उपलब्धियां भेंट करें : हितानंद
पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि विशेष संपर्क अभियान पार्टी का महत्वपूर्ण और प्रभावी कार्यक्रम है, इसके लिए व्यापक तैयारियां करें। श्रेणीवार सूची तैयार करें और प्रत्येक 10 नामों पर एक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी तय करें। उन्होंने कहा कि विधानसभावार सूची तैयार हो और जब प्रबुद्धजनों से संपर्क के लिए जाएं तो पार्टी के वरिष्ठजनों द्वारा उन्हें संगठन का साहित्य और सरकार की उपलब्धियों के पत्रक भी भेंट करें।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |