Advertisement
अनूपपुर। प्रदेश सरकार गरीबों के कल्याण के लिए सतत प्रयासरत है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा लगातार सर्वहारा वर्ग के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। सबके उत्थान के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयास जन हितैषी है।
यह बात गुरुवार को आईटीआई अनूपपुर में आयोजित जिला स्तरीय अन्न उत्सव कार्यक्रम में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने कही। इस अवसर पर जिला पंचायत प्रशासकीय समिति की प्रधान रूपमती सिंह, कलेक्टर सोनिया मीना, एसडीएम अनूपपुर कमलेश पुरी, जिला आपूर्ति अधिकारी एस.एल.प्रजापति सहित बड़ी संख्या में खाद्यान्न हितग्राही उपस्थित रहे।
खाद्य मंत्री ने इस कार्य को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा कोरोना संक्रमण काल के दौरान रोज कमाने खाने वालों को बड़ी मदद देते हुए 5 माह का राशन प्रदान करने की योजना लागू की गई थी, जिसे अब पुनः अप्रैल से सितम्बर 2022 तक पात्रता धारी खाद्यान्न हितग्राहियों के लिए खाद्यान्न की उपलब्धता किए जाने का निर्णय लिया गया है। योजना में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना की पात्रता धारी हितग्राहियों को निःशुल्क खाद्यान्न के तौर पर गेहूं एवं चावल प्रति व्यक्ति प्रति माह 5 किलो मुफ्त देने की व्यवस्था की गई है। यह गरीबों के लिए मददकारी हैं। केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा गरीबों के उत्थान के लिए बेहतर कार्य किए जा रहे हैं। हर गरीब का पक्का घर हो, खाद्यान्न की उपलब्धता हो और घर में नल से जल की व्यवस्था हो यह सपना जल्द ही साकार होने वाला है। 2024 तक प्रत्येक पात्रताधारी को यह उपलब्धि अर्जित होगी। प्रदेश में गेहूं एवं चावल का रिकॉर्ड उत्पादन है।
उन्होंने जिले के विकास कार्यों के लिए सभी जनप्रतिनिधियों से समन्वित प्रयास कर जनहित के विकास कार्यों को गति देने का अनुरोध किया। राज्य सरकार के खाद्य विभाग द्वारा आंगनवाड़ी, छात्रावास आश्रम के विद्यार्थियों को भोजन के लिए खाद्यान्न की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। सरकार गरीब को खुशहाल बनाने के हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने लोगों से शासकीय योजनाओं की जानकारी लेकर पात्रता अनुसार हित लाभ अर्जित करने का आव्हान किया। उन्होंने कहा कि पात्रता धारियों के खाद्यान्न हितलाभ में अगर गड़बड़ी मिली तो संबंधितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। कार्यक्रम को जिला पंचायत की प्रशासकीय समिति की प्रधान रूपमती सिंह ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर बैंड दल द्वारा उत्सवी धुन बजाई गई। प्रारम्भ में अन्न उत्सव एवं खाद्यान्न योजना के संदर्भ में जिला आपूर्ति अधिकारी ने विस्तृत प्रकाश डाला।
खाद्यान्न हितग्राहियों को खाद्य मंत्री ने वितरित किया हितलाभ
प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को निःशुल्क खाद्यान्न वितरण तथा मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा योजना के तहत एक रुपए किलो के खाद्यान्न हितलाभ का वितरण बिसाहूलाल सिंह ने सांकेतिक रूप से किया, जिसके तहत अनूपपुर नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 9 के सरवन लाल, वार्ड क्रमांक 10 के रामकृपाल, फिरोज खान, मोहम्मद इदरीश, राम भाई व ग्राम पंचायत ताराडांड़ के प्रेम भरिया, सियाराम सिंह, कमल सिंह, संतोष सिंह, भादू सिंह को खाद्यान्न का वितरण किया गया।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |