Advertisement
सिवनी। जिले के छपारा विकासखंड मुख्यालय स्थित डुंगरिया मोहल्ला में शनिवार की दोपहर को एक घर में महिला और उसके दो बच्चों के शव बरामद हुए हैं। पुलिस मामले में जांच में कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर करीब डेढ़ बजे स्थानीय लोगों ने छपारा थाना पुलिस को सूचना दी कि एक घर का दरवाजा खुला हुआ है, जिसमें तीन लोगों के शव पड़े हैं। सूचना पर छपारा पुलिस मौके पर पहुंची, जहां घर के कमरे में महिला ज्योति साहू (40) व उसके दो बच्चों तेजस (12) व श्रद्धा (10) का शव बरामद हुए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक कुमार प्रतीक भी एफएसएल टीम, डाग स्क्वायड व दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटना के संबंध में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला के मुंह में हल्का झाग व उसके बेटे के मुंह में खून लगा दिखाई दे रहा था। इससे यह अंदाजा लगाना मुश्किल है कि बच्चों के साथ महिला ने खुदकुशी की है या तीनों की हत्या की गई है। फिलहाल पुलिस हत्या व आत्महत्या दोनों एंगल से प्रकरण में जांच कर रही है।
स्वजनों के मुताबिक ज्योति साहू की पहले पति की मौत हो चुकी है। बाद में उसने दूसरी शादी कर ली थी। बीते कुछ समय से महिला व पति के बीच चल रही अनबन व विवाद के कारण महिला छपारा के डुंगरिया मोहल्ला में एक किराए का मकान में आकर बच्चों के साथ रहने लगी थी। दो कमरों के घर में महिला व उसके दोनों बच्चे रह रहे थे। शनिवार दोपहर को घर के पहले कमरे में महिला का शव मिला। जबकि दूसरे कमरे में दोनों बच्चों के शव मिले हैं। महिला के शव के पास एक कैंची भी मिली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच की जा रही है।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |