Advertisement
दमोह। जिले के मडियादो थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के ग्राम कलकुआं के समीप पुलिस का वाहन अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गया। हादसे में वाहन में सवार सहायक उप निरीक्षक एवं आरक्षक घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मडियादो में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें दमोह के जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार दमोह जिले के मड़ियादो थाना के ग्राम कलकुआं में गुरुवार की रात शराबखोरी को लेकर दयाराम बंजारा एवं एक अन्य पक्ष में विवाद हो गया था। इस बात की जानकारी लगने के बाद मडियादो थाने के सहायक उप निरीक्षक विनोद करोलिया एवं आरक्षक सूरज अहिरवार रात 12 बजे ग्राम कलकुआं गए थे। वहां पर दोनों पक्षों को समझाइश देने के बाद उनमें आपसी सामंजस्यस बैठाने के उपरांत मडियादो थाना वापस लौट रहे थे। इसी बीच ग्राम कलकुआं के समीप मुरम खदान के पास पुलिस वाहन क्रमांक एमपी 03 ए 8752 अनियंत्रित होकर सड़क के नीचे उतर गया। वाहन की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह सीधा एक पेड़ से टकरा गया जिससे उसके आगे का पूरा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
इस वाहन में सवार सहायक उपनिरीक्षक विनोद करोलिया एवं आरक्षक सूरज अहिरवाल गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मडियादो लाया गया, जहां से हटा भेज दिया गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए एएसआई विनोद करोलिया को सागर एवं आरक्षक सूरज अहिरवाल को जिला अस्पताल दमोह रेफर किया गया है।
इस संबंध में मडियादो थाना प्रभारी विक्रम सिंह दांगी ने बताया कि कलकुआं से लौटते वक्त मोड़ पर मुरम खदान के समीप गाड़ी अनियंत्रित हो गई थी जिस कारण से यह घटना घटित हुई।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |