Advertisement
झाबुआ। जिले के मेघनगर भगोरिया हाट बाजार में लड़कियों से छेड़छाड़ करने और उनके साथ मार-पीट करने वाले आरोपियों को झाबुआ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जल्द ही अपनी गिरफ्त में ले लिया है। जिले में शायद यह पहला मौका है जब उत्पीड़ित की गई लड़कियों को स्वयं पुलिस ने खोजा और उनसे कथित आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। एडिशनल एसपी झाबुआ के अनुसार इन लड़कियों से छेड़छाड़ एवं मार-पीट का मामला एक वीडियो के जरिए पुलिस के सामने आया था। इस वीडियो के ही माध्यम से आरोपियों की तलाश की गई और फिर प्रताड़ित की गई लड़कियों से आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
इस घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक झाबुआ आनन्द सिंह वास्कले ने "हिन्दुस्थान समाचार" को बताया कि सोशल मीडिया पर सरकुलेट होने वाला एक वीडियो पुलिस की संज्ञान में आया था, जिसमें कुछ लड़के एवं कुछ लड़कियां आपस में मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे थे। उक्त घटना जैसे ही जिला पुलिस अधीक्षक के संज्ञान में आई, उन्होंने वीडियों के बारे में पता लगाने एवं आरोपियों को ढूंढकर उनके खिलाफ तुरंत कार्यवाही के आदेश दिए थे। पुलिस द्वारा अनुसंधान किए जाने पर पता चला कि यह वीडियो मेघनगर भगोरिया हाट का है। इसमें दिखाई देने वाली लड़कियां कौन हैं व कहां की रहने वाली हैं, इस बारे में जानकारी जुटाई गई। पुलिस को पता चला कि लड़कियां अंतरवेलिया क्षेत्र की रहने वाली है। पुलिस टीम द्वारा उनको विश्वास में लिया गया, तब उन्होंने अपनी रिपोर्ट मेघनगर थाने पर दर्ज कराई। पीड़ितों में से एक लड़की ने थाने पर आकर बताया कि दिनांक 12.03.2022 को 07 लड़कियां मेघनगर भगोरिया देखने गयी थीं। भगोरिया में करीब 4:00 बजे शाम को बस स्टैंड के पास में उनके पीछे से 6-7 लड़के चल रहे थे। उनमें से एक लड़के ने एक लड़की के कंधे पर हाथ रख दिया। इसी बात को लेकर आपस में लड़ने लगे और लड़कों ने लड़कियों के साथ में मारपीट कर दी। उक्त घटना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए थाना मेघनगर में तत्काल अपराध क्रं.119/2022 धारा 354, 354(D), 294, 323, 506 भादवि एवं 7/8 POCSO Act. में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। फरियादिया पक्ष के द्वारा एक आरोपी संजय बारिया पर शक जाहिर किया गया था। यह जानकारी और पुख्ता करने के लिये इन टीमों द्वारा आसपास के क्षेत्र के ग्रामों के तड़वी, सरपंचों, कोठवालों से सम्पर्क कर वीडियो दिखाई गयी, ताकि पता लगाया जा सके कि वीडियो में दिखाई देने वाले ये बदमाश लड़के कौन हैं? वीडियो में दिखाई देने वाला एक आरोपी संजय पिता कालू बारिया निवासी ग्राम सात बिल्ली का है, इसकी पुष्टि होते ही टीम द्वारा उसे गिरफ्त में ले लिया गया। पुलिस टीम द्वारा पूछताछ करने पर उसने बताया कि उसने व अन्य 06 साथी लड़कों (अनिल, आंजू, दिनेश, शंकर व अन्य दो बाल अपचारी)के द्वारा लड़की के कंधे पर हाथ रखने की बात को लेकर इन लड़कियों के साथ विवाद होने पर उन लड़कियों के साथ मारपीट कर दी थी। जिस पर पुलिस टीम द्वारा इन सभी आरोपियों को पुलिस गिरफ्त में लिया गया।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |