Advertisement
भोपाल। सरदार रविंद्र सिंह बराड़ के नेतृत्व में भिंड जिले की ब्लाक कांग्रेस कमेटी गोहद से भोपाल तक 535 किलोमीटर की पदयात्रा का शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में एक सभा के रूप में समापन हुआ। यात्रा में सैकड़ों की संख्या में किसान कांग्रेस के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। यात्रा भिंड से होते हुए भोपाल पहुंची, इस दौरान मार्च में चलते किसान कांग्रेस के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का जगह-जगह स्वागत एवं सम्मान हुआ तथा जगह-जगह के किसान एवं कांग्रेस कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर निकाली जा रही इस पदयात्रा में शामिल हुये।
मप्र किसान खेत मजदूर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश गुर्जर ने बीते दिनों गोहद पहुंचकर पद यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था जो शुक्रवार सुबह भोपाल पहुंची। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पहुंचने पर पदयात्रियों का गुर्जर एवं कांग्रेसजनों ने स्वागत किया। इससे पूर्व पदयात्रा में शामिल किसान रोशनपुरा चौराहे होते हुए राजभवन की ओर गये, जहां प्रदेश के किसानों की समस्याओं से राज्यपाल को अवगत कराते हुए ज्ञापन सौंपा। किसान कांग्रेस के पदाधिकारियों ने इस दौरान एमएसपी पर फसल खरीदी की गारंटी देने, फसलों की खरीद पर लगी शर्तें हटाने, ऑनलाइन फसलों की जानकारी के आधार पर पंजीयन किये जाने आदि प्रमुख मांगें सरकार के समक्ष रखी।
किसान कांग्रेस ने मांग की है कि मध्य प्रदेश में किसानों के 10 हार्स पावर तक के बिजली कनेक्शन मुफ्त किए जाएं, किसानों व मजदूरों का बकाया बिजली का बिल माफ किया जाए, किसानों को टैक्स फ्री डीजल दिया जाए और किसानों को प्राकृतिक आपदा की फसल का उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही आवारा पशुओं का समाधान किये जाने की मांग सरकार के सामने रखी। साथ ही स्वामीनाथन आयोग की अनुशंसा के आधार पर किसानों की समस्याओं का समाधान करने, प्रदेश में चल रहे अवैध उत्खनन को शीघ्र रोकने, स्थानीय निकाय के चुनाव जल्द कराए जाए की मांग की, संविदा शिक्षकों, स्वास्थ्य विभाग में आशा कार्यकर्ताओं को नियमित करने की मांग की और साथ ही युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देने की बात भी कही।
पदयात्रा समापन अवसर पर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित सभा में यात्रा में शामिल पदाधिकारियों को प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष प्रकाश जैन, महामंत्री मीडिया के.के. मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारियों ने संबोधित किया।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |