Advertisement
शहडोल। जिले के सिंहपुर थाना क्षेत्र के पथखई घाट पर बीती रात एक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 यात्री घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मृतकों में एक 12 साल की बच्ची भी शामिल है।एक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। बस छत्तीसगढ़ के कवर्धा शहर से शहडोल होकर लखनऊ जा रही थी।
सिंहपुर थाना पुलिस के अनुसार निजी ट्रैवल्स की एक बस कवर्धा से लखनऊ जा रही थी। पथखाई घाट पर शहडोल की ओर से जा रहा एक ट्रक खड़ा था। शनिवार रात करीब 12 बजे सामने से आ रही बस साइड से निकालते समय सड़क किनारे गहरा गड्ढा होने के कारण पलट गई। इस हादसे में बस सवार तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 30 घायल हुए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। घटना के बाद चालक फरार हो गया है।
सिंहपुर थाना प्रभारी रामेश्वर उइके ने बताया कि बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे। अधिकांश यात्री कवर्धा से लखनऊ मजदूरी करने के लिए जा रहे थे। बस में पांच यात्री शाहजहांपुर उत्तर प्रदेश के थे, जो कवर्धा से अपने घर जा रहे थे। मृतकों में दो की पहचान हो पाई है। इनमें 12 साल की महिमा कश्यप निवासी कवर्धा छत्तीसगढ़ और 26 वर्षीय नाविर खान निवासी तेंदुआ नगरिया थाना बंडा शाहजहांपुर शामिल हैं। एक मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। घायलों में पांच की हालत गंभीर है। सभी घायलों को शहडोल के जिला अस्पताल एवं मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। बस को जब्त कर लिया है और चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |