भोपाल। बैतूल के पूर्व भाजपा विधायक भगवत पटेल का शनिवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वे 84 वर्ष के थे। रविवार सुबह 11 बजे उनके गांव चुडिय़ा में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार से पूर्व उनके पार्थिव देह को जिला भाजपा कार्यालय में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। जहां भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, सांसद डीडी उइके समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके निधन से पार्टी में शोक की लहर है। भगवत पटेल 1990 ने भाजपा उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था और जीत दर्ज की थी। लेकिन, दिसंबर 1992 में राष्ट्रपति द्वारा विधानसभा भंग किए जाने के कारण वे अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर सके थे।
पूर्व भाजपा विधायक भगवत पटेल के निधन पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने शोक जताते हुए श्रद्धांजलि दी है। राकेश सिंह ने ट्वीट कर लिखा ‘बैतूल के पूर्व भाजपा विधायक श्री भगवत पटेल जी के निधन का दु:खद समाचार प्राप्त हुआ। परमपिता उन्हें श्रीचरणों में स्थान प्रदान करे व इस दुख की घड़ी में परिजनों को संबल दे। ॐ शांति’ !
नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने पूर्व विधायक भगवत पटेल के निधन पर दुख जताते हुए परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की है। गोपाल भार्गव ने अपने ट्वीट में लिखा ‘बैतूल के पूर्व भाजपा विधायक श्री भगवत पटेल जी के दुखद निधन पर शोक व्यक्त करता हूँ। श्री पटेल लंबे समय से बीमार थे। परिवार के प्रति मेरी शोक संवेदनाएं। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणो में स्थान दें और शोक संतृप्त परिवार को यह दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करे। ॐ शांति’।