अपनी नाकामी छुपाने अपराधों से भाजपा कार्यकर्ताओं को जोड़ रही कांग्रेस सरकार भार्गव
भोपाल। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने कहा है कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार अपराधों को रोकने में अपनी नाकामी को छुपाने के लिये आपराधिक घटनाओं से भाजपा कार्यकर्ताओं का नाम जोड़ रही है। उन्होंने कहा है कि सरकार को अपनी जिम्मेदारी निभाना चाहिए।
बात चाहे धार की मॉब लिंचिंग की हो, या छतरपुर में एसडीएम कार्यालय पर हुए हमले की, कांग्रेस का निशाना विपक्षी भारतीय जनता पार्टी पर ही रहा है। धार में मॉब लिंचिंग के लिये लोगों को भड़काने का आरोप कांग्रेस ने एक भाजपा कार्यकर्ता पर लगाया था। वहीं, छतरपुर में एसडीएम कार्यालय पर हमले और तोड़फोड़ की साजिश रचने का आरोप भी कांग्रेस ने भाजपा के एक पदाधिकारी पर लगाया है। इसी बीच कथित भाजपा कार्यकर्ता रमेश जूनापानी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इस वीडियो में वे लोगों को भड़काते नहीं, बल्कि उन्हें रोकते हुए दिखाई दे रहे हैं।
नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने इस वीडियो को रिट्वीट किया है। इसके साथ ही उन्होंने लिखा है कि प्रदेश सरकार कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपनी जिम्मेदारी को निभाने में नाकामी का ठीकरा कहीं और फोड़ रही है। सरकार प्रदेश में बढ़ती आपराधिक घटनाओं की जिम्मेदारी से बचने और इन घटनाओं की गंभीरता से ध्यान हटाने के लिए इन घटनाओं से भाजपा कार्यकर्ताओं को जोड़ रही है। धार की मॉब लिंचिंग के संबंध में उन्होंने लिखा है कि सरकार को इसकी उच्चस्तरीय जांच करानी चाहिए।