खाचरौद। इंदौर नगर निगम के सफाई कर्मचारी की पत्नी ने पुणे-इंदौर ट्रेन में बुधवार सुबह बच्चे को जन्म दिया है । महिला आरती पति गणेश देवारे उम्र 22 वर्ष निवासी गोमटगिरी जी ब्लॉक इंदौर अपने परिजनों के साथ कल्याण से इंदौर जा रही थींं। इसी दौरान सुबह 8 बजे महिला को दर्द हुआ, उस समय ट्रेन रतलाम स्टेशन से रवाना हो चुकी थी। खाचरौद स्टेशन के समीप 8:30 बजे ट्रेन में परिजन व अन्य यात्रियों की मदद से आरती को प्रसव कराया गया। खाचरौद स्टेशन पर ट्रेन का स्टापेज व खाचरौद शासकीय अस्पताल में उपयुक्त सुविधा नहीं होने से महिला को नागदा रेलवे स्टेशन पर उतारा गया। जहांं से जीआरपी के जवानों ने महिला को शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार महिला अपने पति, सास व अन्य परिजनों के साथ कल्याण से इंदौर जा रही थी। यह सब कल्याण में आरती कि ननद का रिश्ता करने गए थे। महिला का पति इंदौर नगर निगम के झोन क्रं 15 में पदस्थ है। महिला ने बालक को जन्म दिया है। अब नागदा अस्पताल में महिला व बच्चे की जांच करने के बाद अस्पताल प्रशासन ने उसे 'सुरक्षित जच्चा-बच्चा' देखकर इंदौर के लिए रवाना कर दिया है ।