सतना। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ अपने एक दिवसीय प्रवास पर रविवार को सतना पहुंचे। यहां वे पूर्व सांसद सुखलाल कुशवाहा की 56वीं जंयती पर सतना विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा द्वारा दिवंगत पिता की याद में संविधान बचाओ महारैली में शामिल होने पहुंचे थे। मुख्यमंत्री कमलनाथ का मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री के रूप में पहला सतना दौरा है। वे सुबह 10 बजे विशेष विमान से खजुराहो पहुंचे। इसके बाद 11.30 बजे हेलीकॉप्टर से बदेरा में बने हेली पैड पर पहुंचे।
कार्यक्रम में शामिल होने जाने से पहले सीएम कमलनाथ मैहर भाजपा के विधायक नारायण त्रिपाठी के घर पहुंचकर दिवंगत पिता को श्रद्धांलजि दी। बता दें कि मैहर विधायक के पिता श्याम सुंदर त्रिपाठी का विगत एक पखवाड़े पहले निधन हो गया था। जहां पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह, नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव सहित पूर्व मंत्री नारोत्तम मिश्रा पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित कर चुके थे। इसीलिए अपने एक दिवसीय दौरे पर आए सीएम कमलनाथ ने सतना की सभा से पहले विधायक नारायण त्रिपाठी के पिता के देहांत होने पर शोक श्रद्धांजलि देने लटागांव गए थे।