रक्षा समिति में साध्वी प्रज्ञा को शामिल किए जाने पर कमलनाथ सरकार के मंत्री ने कसा तंज
भोपाल। रक्षा मंत्रालय द्वारा केन्द्रीय रक्षा समिति में साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को सदस्य बनाए जाने के बाद कांग्रेस के हमले लगातार जारी है। अब प्रदेश की कमलनाथ सरकार में सहकारिता मंत्री डॉ गोविंद सिंह ने भाजपा पर तंज कसा है। साथ ही उन्होंने साध्वी प्रज्ञा का नाम लिए बगैर उन्हें आतंकवादी कहा है।
शुक्रवार को भोपाल में पत्रकारों ने जब मंत्री गोविंद सिंह से साध्वी प्रज्ञा को केन्द्रीय रक्षा समिति का सदस्य बनाए जाने पर सवाल पूछा तो उन्होंने साध्वी का नाम लिए बगैर उन्हेें आतंकवादी कह डाला। मंत्री डॉ गोविंद सिंह ने कहा कि लहार का सभी जगह किसी न किसी रूप में नाम चलता है। किसी का विधानसभा में, किसी का फ़ौज में तो किसी का आतंकवाद में। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि लहार बहादुरों की जमीन है, सब अपने-अपने क्षेत्रों में बहादुरी दिखाते हैं। मंत्री सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी पर हमला करते हुए कहा कि मोदी के संरक्षण के चलते ऐसा हो रहा है। मोदी न होते तो साध्वी आज सडक़ पर होती, मोदी के संरक्षण के बगैर न साध्वी सांसद बनती और ना ही रक्षा समिति में शामिल होती। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के दो मुंह हैं। एक से आलोचना करती है और दूसरी से तारीफ करती है।