Video

Advertisement


प्रत्येक प्रयास संगठन की प्रतिष्ठा, विश्वसनीयता और जनस्वीकार्यता बढ़ाने वाला होना चाहिए: हेमंत खण्डेलवाल
bjp

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल तथा प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष व महामंत्री एवं प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक व सह संयोजकों की बैठकों को संबोधित किया।

 

राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि मोर्चा एवं प्रकोष्ठ संगठन की महत्वपूर्ण इकाइयां हैं। इनका दायित्व समाज के विभिन्न वर्गों को संगठन से जोड़ने, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ समाज के सुझावों को तथ्यात्मक अध्ययन और आंकड़ों के आधार पर सरकार तक पहुंचाना भी है। सभी मोर्चा एवं प्रकोष्ठ संगठन और समाज के बीच प्रभावी सेतु बनकर अपनी भूमिका निभाएं।

 

प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि संगठन की मजबूती केवल बैठकों और कार्यक्रमों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग के बीच निरंतर संवाद, संपर्क और सक्रिय सहभागिता से ही संगठन का विस्तार संभव है। सभी मोर्चा एवं प्रकोष्ठ अपने-अपने कार्यक्षेत्र में अधिक से अधिक लोगों को जोड़ें, उनकी समस्याओं एवं अपेक्षाओं को समझें तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। हमारा प्रत्येक प्रयास संगठन की प्रतिष्ठा, विश्वसनीयता और जनस्वीकार्यता बढ़ाने वाला होना चाहिए।

 

प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने कहा कि संगठन को प्रदेश से बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिए सुनियोजित संगठनात्मक संरचना, नियमित बैठकें, प्रवास और प्रशिक्षण आवश्यक हैं। सभी मोर्चा एवं प्रकोष्ठ वार्षिक कार्ययोजना एवं कार्यक्रम कैलेंडर तैयार कर नवमतदाता संपर्क, लाभार्थियों से संवाद और सामाजिक सहभागिता को प्राथमिकता दें। उन्होंने आगामी 1 से 25 दिसंबर तक आयोजित होने वाले सेवा दूत अभियान में सक्रिय सहभागिता कर जनसेवा, सामाजिक सरोकारों और संगठन विस्तार के कार्यों को गति देने का आह्वान किया।

 

शिवप्रकाश ने कहा कि मोर्चों का दायित्व केवल सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों को समाज तक पहुंचाना ही नहीं, बल्कि समाज से प्राप्त सुझावों को तथ्यात्मक अध्ययन एवं आंकड़ों के साथ सरकार तक पहुंचाना भी है। इसके लिए प्रत्येक मोर्चे में नीति एवं शोध से जुड़ी टोली विकसित कर विभिन्न नीतियों, योजनाओं एवं उनके क्रियान्वयन की समीक्षा की जाए तथा आवश्यक सुधार के लिए प्रमाणिक सुझाव तैयार किए जाएं। उन्होंने कहा कि सरकार में रहते हुए समाज से जुड़ाव का प्रमुख माध्यम रचनात्मक एवं सेवाभावी गतिविधियां हैं। इसलिए प्रत्येक मोर्चा मेडिकल कैंप, सेवा कार्य, सामाजिक जागरूकता अभियान एवं अन्य सकारात्मक गतिविधियों का वार्षिक कैलेंडर तैयार कर उन्हें मंडल स्तर तक संचालित करे। साथ ही किसान, युवा, महिला, अनुसूचित जाति, जनजाति एवं अन्य सामाजिक वर्गों के लिए अलग-अलग डिजिटल एवं सोशल मीडिया नेटवर्क विकसित किए जाएं।

 

उन्होंने कहा कि सभी मोर्चा पदाधिकारी अपने क्षेत्र से जुड़े सामाजिक संगठनों, वैचारिक संस्थाओं, सरकारी एवं अर्धसरकारी संस्थानों, विशेषज्ञों और प्रबुद्धजनों के साथ निरंतर संवाद एवं समन्वय स्थापित करें। समाज में सकारात्मक कार्य करने वाले व्यक्तियों, प्रतिभाओं, पुरस्कार प्राप्त लोगों एवं नवाचार करने वाले संस्थानों को चिन्हित कर उन्हें प्रोत्साहित एवं सम्मानित किया जाए। प्रत्येक मोर्चे में युवा एवं नई पीढ़ी का नेतृत्व विकसित करने के लिए विशेष प्रयास करें। उन्होंने कहा कि सिकल सेल एनीमिया मुक्त भारत अभियान, टीबी उन्मूलन, सस्ती चिकित्सा सुविधाएं, मातृत्व अवकाश, पोषण योजनाएं एवं दिव्यांगजनों के सम्मान से जुड़े प्रयासों जैसे विषयों को कार्यकर्ता स्वयं समझें और समाज तक पहुंचाएं। संगठन की प्रभावशीलता केवल कार्यक्रमों की संख्या से नहीं, बल्कि उनकी गुणवत्ता, तैयारी और परिणामों से तय होती है।

 

शिवप्रकाश ने प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रकोष्ठ पार्टी की संगठनात्मक संरचना का महत्वपूर्ण अंग हैं। प्रत्येक कार्यकर्ता अपने दायित्व पर गर्व करते हुए समाज के विभिन्न वर्गों के बीच संगठन की विचारधारा एवं सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाए। प्रकोष्ठ अपने-अपने कार्यक्षेत्र के प्रभावशाली व्यक्तियों, सामाजिक एवं व्यावसायिक संगठनों, एनजीओ और प्रबुद्धजनों से निरंतर संवाद एवं समन्वय स्थापित कर उन्हें संगठन से जोड़ें। इसके लिए गोष्ठी, सेमिनार, साहित्य प्रकाशन, सोशल मीडिया एवं अन्य आधुनिक संचार माध्यमों का प्रभावी उपयोग करें। प्रकोष्ठ केवल कार्यक्रमों के आयोजन तक सीमित न रहें, बल्कि अपने क्षेत्र की नीतियों का गहन अध्ययन कर उनमें आवश्यक सुधार के लिए रचनात्मक सुझाव तैयार करें। प्रकोष्ठों के समस्त कार्यों एवं नीतिगत चिंतन का आधार भारतीय दृष्टि एवं भारतीय चिंतन होना चाहिए।

 

हेमंत खण्डेलवाल ने मोर्चों के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि मोर्चों की गतिविधियां केवल संगठनात्मक बैठकों तक सीमित न रहें, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों के बीच पहुंचकर संवाद एवं संपर्क स्थापित करें। सामाजिक संवाद के माध्यम से लोगों की समस्याओं, अपेक्षाओं और आवश्यकताओं को समझें तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। प्रत्येक मोर्चा अपनी गतिविधियों के माध्यम से नए लोगों को संगठन से जोड़े और कार्यकर्ताओं की क्षमता एवं सक्रियता बढ़ाए। सभी कार्यकर्ता समर्पण, समन्वय एवं सक्रियता के साथ कार्य करें, ताकि पार्टी की विचारधारा एवं जनकल्याणकारी कार्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचें।

 

प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए खण्डेलवाल ने कहा कि जहां मोर्चे पार्टी की गतिविधियों को विस्तार देते हैं, वहीं प्रकोष्ठ केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने और उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप कार्य करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने खेलकूद प्रकोष्ठ से मंडल एवं जिला स्तर पर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित कर प्रदेश स्तर तक प्रतिभाओं को मंच देने, सांस्कृतिक प्रकोष्ठ से प्रत्येक जिले में वैचारिक नाट्य मंचन के लिए कलाकारों को प्रशिक्षित करने तथा सहकारिता प्रकोष्ठ से डेयरी, मत्स्य पालन एवं सहकारी संस्थाओं तक संगठन का विस्तार करने का आह्वान किया। उन्होंने चिकित्सा प्रकोष्ठ से आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत विभिन्न बीमारियों के उपचार के लिए पंजीकृत अस्पतालों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने, शिक्षा प्रकोष्ठ से निजी विद्यालयों को जोड़ने तथा स्व-सहायता समूहों के उत्पादों की ब्रांडिंग, मूल्य संवर्धन एवं विपणन के लिए प्रभावी व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया। व्यापारी प्रकोष्ठ से रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों सहित विभिन्न व्यापारिक क्षेत्रों के संगठनों को जोड़कर व्यापक मंच तैयार करने का आह्वान किया।

 

चंद्रशेखर ने मोर्चों के प्रदेश पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी मोर्चे अपनी संगठनात्मक संरचना को प्रदेश से बूथ स्तर तक मजबूत बनाएं। संगठन की मजबूती के लिए नियमित संवाद, संपर्क एवं प्रवास आवश्यक हैं। प्रत्येक मोर्चा अपने कार्यक्षेत्र एवं सामाजिक दायित्वों के अनुसार वार्षिक कार्ययोजना एवं कार्यक्रम कैलेंडर तैयार करे। नव मतदाता संपर्क के लिए प्रदेश एवं जिला स्तर पर विशेष टोली गठित कर प्रथम बार मतदान करने वाले युवाओं, विद्यार्थियों एवं नागरिकों से निरंतर संवाद स्थापित करना सुनिश्चित करें। सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क, समाज के प्रभावशाली व्यक्तियों से संवाद, नीति एवं शोध तथा प्रशिक्षण जैसे विषयों को नियमित कार्ययोजना का हिस्सा बनाकर कार्य करें।

 

प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए चंद्रशेखर ने कहा कि सभी प्रकोष्ठ अपने-अपने सामाजिक एवं व्यावसायिक वर्गों के बीच संगठन की विचारधारा तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से पहुंचाएं। प्रत्येक प्रकोष्ठ अपने वर्ग से जुड़े महापुरुषों की जयंती, सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों, मन की बात एवं पार्टी के निर्धारित कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को संगठन से जोड़े। साथ ही स्वच्छता, नशामुक्ति, कुपोषण, टीबी एवं एनीमिया मुक्त भारत जैसे सामाजिक सरोकारों से जुड़े सेवा कार्यों को अपनाएं। उन्होंने आगामी 1 से 25 दिसंबर तक आयोजित होने वाले सेवा दूत अभियान को संगठनात्मक विस्तार एवं जनसेवा का महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए सभी मोर्चों एवं प्रकोष्ठों से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।

 

इस दौरान पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष व प्रदेश कार्यालय प्रभारी डॉ. निशांत खरे, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, मोर्चा प्रदेश प्रभारी मनोरंजन मिश्रा, प्रकोष्ठ संकुल प्रदेश समन्वयक आशुतोष तिवारी, किसान मोर्चा के अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी परांजपे, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भगवान सिंह परमार, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज टेकाम, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार, युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर, अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष इब्राहिम शेरानी, प्रकोष्ठ संकुल प्रदेश सह संयोजक अजय शर्मा सहित मोर्चों के प्रदेश महामंत्री एवं प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक एवं सह संयोजक उपस्थित रहे।

Kolar News 19 November 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.