Video

Advertisement


ग्रामीण क्षेत्रों में सेवाभाव और समर्पण के साथ स्वास्थ्य सेवाएं दें बॉन्ड डॉक्टर्स : उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल
up mukhyamantri rajendra shukla

भोपाल, 28 अक्टूबर 2026।* उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि बॉन्ड डॉक्टर्स ग्रामीण क्षेत्रों में सेवाभाव, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ कार्य कर आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएं। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने मंगलवार को भोपाल स्थित निवास कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शहडोल संभाग के शहडोल, उमरिया और अनूपपुर जिले में नवपदस्थ बॉन्ड डॉक्टर्स से संवाद किया।

 

उन्होंने निर्देश दिए कि नवपदस्थ चिकित्सकों को स्वास्थ्य केंद्रों की कार्यप्रणाली, उपलब्ध सुविधाओं, जांच सेवाओं, एंबुलेंस एवं रेफरल व्यवस्था और शासकीय स्वास्थ्य योजनाओं का व्यवस्थित ओरिएंटेशन दिया जाए। चिकित्सक एनीमिया मुक्त भारत, टीबी मुक्त भारत और गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग जैसे अभियानों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दें।

 

उप मुख्यमंत्री ने आशा, एएनएम और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान, प्रसवपूर्व जांच और सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बीएमओ सप्ताह में एक बार और सीएमएचओ माह में एक बार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा करें और कमियों का निराकरण करें।

 

शुक्ल ने ई-संजीवनी टेलीमेडिसिन सेवा का प्रभावी उपयोग बढ़ाने के निर्देश भी दिए, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से ऑनलाइन परामर्श मिल सके।

 

वीसी में शहडोल संभाग के वरिष्ठ प्रशासनिक और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी तथा नवपदस्थ बॉन्ड डॉक्टर्स मौजूद रहे।

Kolar News 28 October 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.