Advertisement
देवास, 27 अक्टूबर।* देवास जिले के चंदाना और बिंजाना गांवों में जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले को लेकर सोमवार को कांग्रेस ने कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में जिला कांग्रेस ने पीड़ित परिवारों के साथ प्रदर्शन कर दोषियों पर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की।
पटवारी ने कहा कि प्रदेश में शराब माफियाओं का प्रभाव बढ़ रहा है। अवैध शराब से लोगों की जान जा रही है, लेकिन सरकार असली दोषियों पर कार्रवाई से बच रही है। सागर और मुरैना में भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, जो गंभीर सवाल खड़े करती हैं।
उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार साक्ष्य दे रहे हैं, फिर भी एफआईआर के बजाय सिर्फ जांच का आश्वासन दिया जा रहा है। प्रशासन की जिम्मेदारी है कि निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कानून के कठघरे में लाए। कांग्रेस की मांग है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर हत्या सहित उचित धाराओं में केस दर्ज हो।
पटवारी ने आरोप लगाया कि शराब माफियाओं को संरक्षण मिलने से कार्रवाई में देरी हो रही है। सरकार को बताना चाहिए कि जहरीली शराब पर रोक क्यों नहीं लग पा रही।
उन्होंने कहा कि जिला कांग्रेस अध्यक्ष और शहर अध्यक्ष पीड़ित परिवारों के साथ थानों में जाकर एफआईआर दर्ज कराने की कोशिश करेंगे। कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस पूरे प्रदेश में जनजागरण अभियान चलाएगी और उज्जैन, इंदौर, भोपाल सहित कई जगह पदयात्रा और रैलियां निकालेगी।
इस दौरान पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, सुरेंद्र सिंह शेरा, विनय बाकलीवाल, मनीष चौधरी और प्रयास गौतम सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |