Advertisement
भोपाल, 27 अक्टूबर।* प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने सोमवार को सागर जिले के 61 बांड डॉक्टर्स के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संवाद किया। भोपाल स्थित निवास से जुड़े इस संवाद में उन्होंने डॉक्टरों से कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सेवाभाव, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ काम करें। यह अनुभव उन्हें बेहतर डॉक्टर बनाएगा।
डिप्टी सीएम ने कहा कि बांड डॉक्टर्स की तैनाती से ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाएं सुदृढ़ होंगी। नागरिकों और जनप्रतिनिधियों में इसे लेकर उम्मीद है। डॉक्टर अपने व्यवहार और सेवाभाव से इस विश्वास को बनाए रखें।
*ओरिएंटेशन और जागरूकता पर जोर*
शुक्ल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी नवागत डॉक्टरों को दायित्वों, कार्यप्रणाली, जांच सुविधाओं, एंबुलेंस व्यवस्था, रेफरल प्रक्रिया और सरकारी योजनाओं का विधिवत ओरिएंटेशन दिया जाए। डॉक्टर गांव में लोगों को यह भी बताएं कि किस स्वास्थ्य केंद्र पर क्या सुविधाएं उपलब्ध हैं।
*राष्ट्रीय अभियानों को गति दें*
उन्होंने एनीमिया मुक्त भारत, टीबी मुक्त भारत और एनसीडी स्क्रीनिंग अभियानों के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। स्थानीय बीमारियों और स्वास्थ्य संकेतकों का अध्ययन कर कमियों को वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने को कहा।
*मैदानी अमले से समन्वय*
सीएचओ, आशा और एएनएम के साथ नियमित संवाद, गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान, एएनसी जांच और सुरक्षित प्रसव पर विशेष ध्यान देने को कहा, ताकि एमएमआर और आईएमआर में सुधार हो।
*निरीक्षण और टेलीमेडिसिन*
बीएमओ को हफ्ते में एक बार और सीएमएचओ को महीने में एक बार पीएचसी के निरीक्षण के निर्देश दिए। साथ ही ई-संजीवनी सेवा का प्रचार-प्रसार कर ग्रामीणों को विशेषज्ञ सलाह से जोड़ने को कहा।
संवाद में कलेक्टर प्रतिभा पाल सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और सभी बांड डॉक्टर्स मौजूद रहे।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |