Advertisement
*
भोपाल, 27 क्टूबर।* मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व प्रदेश के वरिष्ठ नेता और SIR कमेटी के अध्यक्ष सज्जन सिंह वर्मा ने किया।
प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि SIR के दौरान मतदाता सूची में कई विसंगतियां सामने आ रही हैं और बड़ी संख्या में पात्र मतदाताओं के नाम सूची से छूट गए हैं। कांग्रेस ने मांग की कि 22 फरवरी 2026 को प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची को निरस्त किया जाए। साथ ही पुनरीक्षण के दौरान फॉर्म-6 भरने से वंचित रह गए पात्र मतदाताओं के नाम अनिवार्य रूप से जोड़े जाएं।
कांग्रेस ने यह भी मांग रखी कि वर्ष 2003 से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा पाने और लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी के कारण जिन मतदाताओं के नाम सूची से बाहर हुए हैं, उन्हें उचित अवसर दिया जाए। उनका पक्ष सुनने और दस्तावेज सत्यापन के बाद ही अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाए।
इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि फॉर्म-7 दाखिल करने का अधिकार केवल संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) को दिया जाए ताकि फर्जी तरीके से नाम हटाने की आशंका खत्म हो। साथ ही सभी चुनाव मतपत्र के माध्यम से कराए जाएं।
ज्ञापन सौंपने के दौरान सज्जन सिंह वर्मा के साथ वरिष्ठ नेता जेपी धनोपिया, मतदाता सूची प्रभारी ललित सैन, इरफान खान, आरिफा खान, ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष अनोखी मानसिंह पटेल, शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना और भोपाल जिला प्रभारी मनोज राजानी सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता, पारदर्शिता और प्रत्येक पात्र नागरिक के मतदान के अधिकार को सुनिश्चित करना जरूरी है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |