Advertisement
*भोपाल।* साइबर ठगी पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन MATRIX 2.0 के तहत इंदौर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। विजय नगर थाना पुलिस ने म्यूल बैंक खातों के जरिए ठगी के मामले में 11 आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में 6 खातों में करीब 1 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेनदेन का पता चला है।
पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर यह कार्रवाई 26 अक्टूबर को मिली सूचना के आधार पर की गई। पुलिस प्रिंसेस स्काई बिजनेस पार्क स्थित द रैपिड इन्वेस्टर्स कंपनी के दफ्तर पहुंची और संचालक सहित अन्य लोगों से पूछताछ की।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी कॉलिंग के जरिए लोगों से संपर्क कर राशि लेते थे और उसे कंपनी व म्यूल खातों में जमा कराते थे। कर्मचारियों को इसमें से हिस्सा देने की बात भी सामने आई है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
पुलिस ने मौके से 20 सिम, 17 मोबाइल फोन, लैपटॉप, 3 सीपीयू, हार्ड डिस्क और दस्तावेज जब्त किए हैं। बैंक रिकॉर्ड और लेनदेन का विश्लेषण किया जा रहा है।
पुलिस ने अपील की है कि अपना बैंक खाता, एटीएम, सिम, ओटीपी किसी को किराए पर न दें और अनजान स्रोत से आई राशि को आगे ट्रांसफर न करें। संदेह होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |