शिव -साधना ने मांगे आलोक के लिए वोट
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह और उनकी पत्नी साधना सिंह आलोक शर्मा भोपाल का महापौर बनाने के लिए जगह जगह वोट मांग रहे हैं। साधना सिंह कोलार इलाके में पहुंचीं और कहा मैं पहली बार आप सभी लोगों के बीच वोट मांगने आई हूं तो सभी लोग भाजपा शिवराज को वोट दे। उन्होंने महापौर प्रत्याशी आलोक शर्मा को वोट देकर कर भारी मतों जिताने की अपील की। इस दौरान आलोक शर्मा की पत्नी श्रद्धा शर्मा, सीमा सिंह वार्ड प्रत्याशी, महिला मंडल की पदाधिकारी व वार्ड प्रत्याशी के समर्थक मौजूद थे। इस दौरान साधना सिंह ने दामखेडा, साईंनाथ कालोनी, आशीर्वाद, सर्वधर्म सी सेक्टर, सूर्या कालोनी, बीमा कुंज आदि कालोनियों में जनसंपर्क किया।मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को भी भोपाल में भाजपा के महापौर उम्मीदवार आलोक शर्मा और अन्य पार्षद उम्मीदवारों के समर्थन में रोड शो किया। पुराने शहर की तंग गलियों में पहुंचकर सीएम ने दावा किया कि भाजपा सरकार भोपाल को क्लीन, ग्रीन और डिजिटल सिटी बनाने के लिए हरसंभव कोशिश करेगी। हर वार्ड में आदर्श स्वच्छ सड़कें बनाकर इसकी शुरुआत की जाएगी। इस दिशा में प्रारंभिक काम नगर निगम करेगा, राज्य सरकार इसमें पूरी मदद करेगी। मुख्यमंत्री शिवराज ने अपने रोड शो के दौरान कई नुक्कड़ सभाआें को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने नर्मदा जल को भोपाल पहुंचाने का काम किया है, लाड़ली लक्ष्मी की महती योजना लोगों के बीच पंहुचाई है। उन्होंने कहा कि यदि आलोक महापौर बनते हैं तो मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार नगर निगम को पैसे की कोई कमी नहीं होने देगी और भोपाल को देश का सबसे सुन्दर शहर बनाने का मेरा सपना भी पूरा होगा।