Advertisement
*देवास, 24 अक्टूबर 2026।* मुरैना, उज्जैन और सागर के बाद अब देवास में जहरीली शराब के कहर ने प्रदेश को हिला दिया है। देवास जिले के ग्राम चंदाना में जहरीली शराब से 22 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है, जिसके बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव ने आज पीड़ित गांव पहुंचकर मृतकों के परिजनों से मुलाकात की।
पीड़ित परिवारों से मिलकर उनका दुख साझा करते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि परिवार उजड़ रहे हैं, लेकिन सरकार और प्रशासन आंख मूंदे बैठा है। मुरैना, उज्जैन, सागर और अब देवास की घटनाओं ने प्रदेश की आबकारी व्यवस्था और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पटवारी ने सरकार से सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर अवैध शराब का कारोबार लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ कैसे कर रहा है, जब इसकी शिकायतें पहले से थीं तो समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की गई। पानी को कारण बताकर या दूसरे बहाने बनाकर असली सवालों से ध्यान नहीं भटकाया जा सकता। सरकार को मौतों की वास्तविक संख्या सार्वजनिक करनी चाहिए और बताना चाहिए कि जहरीली शराब कहां से आई, इसके पीछे कौन लोग हैं और किस स्तर पर लापरवाही हुई है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव की सरकार इस त्रासदी से अपनी जिम्मेदारी से मुंह नहीं मोड़ सकती। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है उन्हें न्याय और उचित आर्थिक सहायता मिलनी चाहिए, पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश होना चाहिए, दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए।
पटवारी ने कहा कि यह केवल कुछ परिवारों का दुख नहीं, बल्कि नागरिकों की सुरक्षा और सरकार की जवाबदेही का सवाल है और कांग्रेस इस लड़ाई को सड़क से सदन तक लड़ेगी तथा पीड़ित परिवारों की आवाज को दबने नहीं देगी।
इस दौरान प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष मनोज राजानी, ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनीष चौधरी, शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रयास गौतम सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |