Advertisement
भोपाल/इंदौर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने शुक्रवार को इंदौर ग्रामीण एवं इंदौर नगर में जिला कार्यसमिति बैठक को संबोधित किया। उन्होंने इंदौर ग्रामीण जिले के बिचौली मर्दाना स्थित बरसाना गार्डन एवं इंदौर नगर स्थित सोलारिस होटल, पिपल्याहाना में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा विचार एवं कार्यकर्ता आधारित संगठन है और कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे मजबूत कड़ी हैं। भाजपा संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। भाजपा की वास्तविक ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता, संगठन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और पार्टी की विचारधारा के प्रति उनका विश्वास है। पार्टी को आज जिस मुकाम पर पहुंचाने में कार्यकर्ताओं का योगदान है, उसके पीछे अनेक वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं का त्याग, संघर्ष एवं बलिदान रहा है। हमें अपने उन वरिष्ठजनों के योगदान को सदैव स्मरण रखना चाहिए, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी संगठन का ध्वज झुकने नहीं दिया।
*वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का त्याग और संघर्ष संगठन की अमूल्य धरोहर*
हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि संगठन की बैठकों का उद्देश्य केवल कार्यक्रमों की समीक्षा करना नहीं, बल्कि अपने पुराने कार्यकर्ताओं, वरिष्ठ नेताओं और संगठन की नींव मजबूत करने वाले लोगों को याद करना भी है। आपातकाल के दौरान अनेक कार्यकर्ताओं ने जेल की यातनाएं सहीं, लेकिन अपने विचारों और सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। ऐसे सभी वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का संघर्ष आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि पद स्थायी नहीं होता, लेकिन व्यक्ति का व्यवहार, संस्कार और कार्यकर्ताओं के साथ उसका संबंध लंबे समय तक याद रखा जाता है। कोई व्यक्ति अध्यक्ष, विधायक या जिलाध्यक्ष बनने से पहले भी एक कार्यकर्ता होता है और पद से हटने के बाद भी उसकी पहचान उसके आचरण से ही होती है। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को विनम्रता, अनुशासन और सेवाभाव के साथ कार्य करना चाहिए।
बूथ स्तर पर संगठन मजबूत कर जनसेवा में सक्रिय भूमिका निभाएं कार्यकर्ता
हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि संगठन की मजबूती बूथ स्तर से शुरू होती है। प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनसमस्याओं को समझना, उनका समाधान कराने का प्रयास करना और संगठन के कार्यक्रमों में प्रभावी सहभागिता सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सेवा, समर्पण, अनुशासन और संवाद को अपने कार्य का आधार बनाएं। कार्यकर्ता सरकार और जनता के बीच सेतु बनकर कार्य करें तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएं।
*देश की आर्थिक प्रगति और प्रदेश में रोजगार सृजन को मिल रही गति*
हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत तकनीक, डिजिटल सेवाओं, नवाचार और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और वर्ष 2030 तक तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में अग्रसर है। केंद्र सरकार गरीब, किसान, महिला, युवा और मध्यम वर्ग के कल्याण के लिए आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। वहीं, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार हर वर्ग और हर क्षेत्र के विकास के लिए उल्लेखनीय कार्य कर रही है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |