राष्ट्रीय आपदा राहत कोष से किसानों को दी जाये मदद मलैया और बिसेन केन्द्रीय गृह मंत्री से मिले
वित्त मंत्री जयंत मलैया और किसान-कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री गौरीशंकर बिसेन ने नई दिल्ली में केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर उन्हें मध्यप्रदेश में सूखे के संकट से उत्पन्न स्थिति से अवगत करवाया। मंत्री द्वय ने राष्ट्रीय आपदा राहत कोष से मध्यप्रदेश को पर्याप्त सहायता उपलब्ध करवाने का आग्रह किया।मंत्री द्वय ने केन्द्रीय गृह मंत्री को बताया कि प्रदेश का एक बड़ा हिस्सा अवर्षा के कारण सूखे के संकट से जूझ रहा है। किसान परेशान हैं। सरकार ने अपने स्तर पर किसानों को राहत देने के लिये हर संभव प्रयास किये हैं और उन्हें मदद कर रही है। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में केन्द्र से सहयोग की अपेक्षा है। उन्होंने राष्ट्रीय आपदा राहत कोष से प्रदेश को तत्काल राहत राशि उपलब्ध करवाने का आग्रह किया, ताकि किसानों को समय पर मदद दी जा सके।