Advertisement
सीएम द्वारा देशद्रोही बताने वाले मामले में गिरफ्तारी देने के लिए मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भोपाल के टीटी नगर थाने से ऐसे ही लौट आए। टीटी नगर थाना प्रभारी ने उन्हें कहा कि उनके खिलाफ कोई शिकायत नहीं है, ऐसे में पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर सकती। दिग्विजय सिंह की ओर से रामेश्वर नीखरा ने सीएम शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ मामला दर्ज करने का आवेदन दिया।
दिग्विजय सिंह की ओर से थाने में दिए गए आवेदन में कहा गया कि सीएम ने गैर जिम्मेदाराना बयान दिया। लिहाजा उनके खिलाफ देश में अशांति फैलाने का मामला दर्ज किया जाए। इधर दिग्विजय सिंह ने कहा कि वे पूरे मामले को कोर्ट तक ले जाएंगे।
आपको बता दें कि सीएम द्वारा देशद्रोही कहे जाने से नाराज दिग्विजय सिंह ने टीटी नगर थाने में गिरफ्तारी देने की घोषणा की थी। इसके मद्देनजर दिग्वजिय सिंह अपने हजारों समर्थकों के साथ पैदल मार्च करते हुए कांग्रेस कार्यालय से टीटी नगर थाने की ओर निकले। लेकिन पुलिस ने उन्हें थाने से थोड़ा पहले ही रोक लिया। बेरिकेड्स लगाकर कांग्रेसियों को यहीं रोक दिया गया।
दिग्विजय सिंह गिरफ्तारी के लिए अड़े थे लेकिन टीटी नगर थाना प्रभारी ने उन्हें बिना गिरफ्तार किए ही लौटा दिया। थाना प्रभारी ने दिग्विजय सिंह से कहा कि उनके खिलाफ कोई शिकायत नहीं है लिहाजा उन्हें गिरफ्तार नहीं किया जा सकता। कांग्रेसी नेता काफी देर तक यहां खड़े रहे लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने नहीं दिया और ना ही गिरफ्तार किया। कुछ देर बाद दिग्विजय सिंह और तमाम कांग्रेसी लौट गए।
गौरतलब है कि सीएम के बयान के मद्देनजर दिग्विजय सिंह ने उन्हें पत्र भी लिखा था। उन्होंने लिखा था कि प्रदेश के मुख्यमंत्री उन्हें देशद्रोही मानते हैं लेकिन जहां तक उन्हें पता है उन्होंने ऐसा कोई काम नहीं किया जिसकी वजह से संवैधानिक पद पर विराजमान मुख्यमंत्री की नजरों में वे देशद्रोही की श्रेणी में आए। दिग्विजय सिंह ने आगे लिखा कि सीएम के पास उनके देशद्रोही होने के जो भी सबूत हैं उन्हें वो प्रशासन को सौंप दें ताकि उनकी गिरफ्तारी हो सके।
दिग्विजय सिंह ने पहले से गिरफ्तारी देने की घोषणा कर दी थी। वे तमिलनाडु एक्सप्रसे से भोपाल पहुंचे। वहां से सीधे कांग्रेस कार्यालय पहुंचे। गिरफ्तारी कार्यक्रम के काफी पहले से ही हजारों की संख्या में दिग्विजय समर्थक नेता-कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय पहुंच गए। दरअसल इस कार्यक्रम को दिग्विजय सिंह के शक्ति प्रदर्शन के रुप में भी देखा जा रहा है।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |